लाइव न्यूज़ :

मध्य प्रदेश : कांग्रेस विधायक बृजेन्द्र सिंह राठौर का कोविड-19 से निधन

By भाषा | Updated: May 2, 2021 22:26 IST

Open in App

भोपाल/टीकमगढ़, दो मई मध्य प्रदेश के कांग्रेस विधायक एवं प्रदेश के पूर्व मंत्री बृजेन्द्र सिंह राठौर का रविवार को यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया।

राठौर (63 वर्षीय) कोरोना वायरस से संक्रमित थे।

मध्य प्रदेश कांग्रेस के महासचिव राजीव सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर विधानसभा सीट से पार्टी विधायक बृजेन्द्र सिंह राठौर का रविवार शाम को भोपाल के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया।’’

सिंह ने बताया कि राठौर कोरोना वायरस संक्रमित थे और उनका पहले कुछ दिनों तक उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित एक अस्पताल में इलाज चला लेकिन, जब हालत गंभीर हो गई तो उन्हें वहां से करीब एक सप्ताह पहले एयर लिफ्ट कर भोपाल के एक निजी अस्पताल में लाया गया था।

सिंह ने बताया कि राठौर की रविवार सुबह तबीयत और खराब हो गई व शाम को उनका निधन हो गया।

उन्होंने कहा कि वह पांच बार विधायक रहे।

सिंह ने बताया कि वह मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थे।

राठौर ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत टीकमगढ़ जिले के निवाड़ी विधानसभा क्षेत्र से की थी। उन्होंने वर्ष 1993 के चुनाव में कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने पर निवाड़ी से निर्दलीय चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की।

उसके बाद उन्होंने इसी सीट से वर्ष 1998 में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में एवं 2003 में कांग्रेस के टिकट पर जीत दर्ज की।

परिसीमन के बाद पृथ्वीपुर सीट सृजित होने पर राठौर पृथ्वीपुर से 2008 के राज्य विधानसभा के लिए चुने गए, लेकिन 2013 के चुनाव में वह भाजपा की अनीता नायक से चुनाव हार गए थे। वह वर्ष 2018 के चुनाव में पृथ्वीपुर से फिर विधायक बने और तत्कालीन कमलनाथ की सरकार में मंत्री रहे।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने बृजेंद्र सिंह राठौर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

अपने शोक संदेश में चौहान ने कहा, ‘‘बृजेंद्र सिंह राठौर सच्चे जन-सेवक एवं नेक इंसान थे। वे स्वस्थ एवं स्वच्छ राजनीति के पक्षधर थे। उनका निधन प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है।’’

उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्मा को शांति तथा उनके परिवारजनों को इस असह्य दु:ख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट किया, ‘‘पूर्व मंत्री बृजेन्द्र सिंह राठौर के दुखद निधन का समाचार बेहद पीड़ादायक व व्यथित करने वाला है। वे मेरे बेहद प्रिय थे, सहज, सरल व्यक्तित्व के धनी व पार्टी के प्रति बेहद निष्ठावान व समर्पित थे। उनका निधन कांग्रेस परिवार व मेरे लिये व्यक्तिगत क्षति है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

क्रिकेटRR vs MI: राजस्थान रॉयल्स का IPL 2026 में अजेय अभियान जारी, मुंबई इंडियंस को 27 रनों से हराया, शीर्ष पर पहुंची

क्रिकेटयशस्वी जायसवाल ने MI के गेंदबाजों की उखेड़ी बखिया, छक्के लगाकर 'सेंचुरी ऑफ़ मैक्सिमम्स' क्लब में हुए शामिल

क्रिकेटRR vs MI: वैभव सूर्यवंशी ने बुमराह को भी नहीं बख़्शा, एमआई पेसर को जड़े 2 छक्के | VIDEO

विश्व'अगले 48 घंटों तक घर के अंदर ही रहें' : ईरान में मौजूद नागरिकों के लिए भारतीय दूतावास तत्काल सुरक्षा एडवाइज़री जारी की

ज़रा हटकेक्या है नंदगोपाल गुप्ता नंदी और यूपी के उन्नाव में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी का नाता?

भारत अधिक खबरें

भारतNagpur: पवनी सफारी में दिखा दुर्लभ ‘काला चीतल’, पर्यटकों में बढ़ा रोमांच

भारत‘अपने स्तर को नीचे न गिराएं’: मल्लिकार्जुन खड़गे के ‘गुजरात के लोग अनपढ़ हैं’ वाले बयान पर शशि थरूर की सलाह

भारत'इस बार पाकिस्तान के कितने टुकड़े होंगे ये तो सिर्फ ऊपरवाला जानता है', राजनाथ सिंह ने PAK के रक्षामंत्री ख्वाजा आसिफ की धमकी का दिया करारा जवाब

भारत403 करोड़ रुपए खर्च?, योगी सरकार का सियासी दांव, बीआर अंबेडकर की मूर्ति पर लगेगा छत्र

भारतमहाराष्ट्र सरकार ने ऑटो और टैक्सी चालकों के लिए मराठी भाषा टेस्ट अनिवार्य रूप से किया शुरू