मध्य प्रदेश : दमोह विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी अजय टंडन 17,097 मतों से जीते

By भाषा | Updated: May 2, 2021 23:20 IST2021-05-02T23:20:15+5:302021-05-02T23:20:15+5:30

Madhya Pradesh: Congress candidate Ajay Tandon won by 17,097 votes in Damoh assembly by-election | मध्य प्रदेश : दमोह विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी अजय टंडन 17,097 मतों से जीते

मध्य प्रदेश : दमोह विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी अजय टंडन 17,097 मतों से जीते

दमोह (मप्र), दो मई मध्य प्रदेश की दमोह विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव को कांग्रेस प्रत्याशी अजय टंडन ने 17,097 मतों से जीत लिया है।

उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी व सत्तारूढ़ भाजपा के उम्मीदवार राहुल सिंह लोधी को हराया है और इस सीट पर पार्टी की जीत बरकरार रखी।

यह जानकारी दमोह जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी तरूण राठी ने दी है।

उन्होंने कहा कि टंडन को कुल 74,832 मत मिले, जबकि लोधी को 57,735 मत मिले।

दमोह विधानसभा उपचुनाव के लिए 17 अप्रैल को मतदान हुआ था।

लोधी 2018 में हुए चुनाव में इस सीट से कांग्रेस के टिकट पर विधायक चुने गये थे, लेकिन पिछले साल अक्टूबर में उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था और बाद में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गये थे। इस वजह से यह सीट खाली हो गई थी।

मध्य प्रदेश की 230 सदस्यों वाली विधानसभा में भाजपा के 126 विधायक हैं, जबकि टंडन की जीत के बाद मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस की सदस्य संख्या बढ़कर 95 हो गई है। इनके अलावा बसपा के दो, सपा का एक और चार निर्दलीय विधायक हैं, जबकि दो सीटें कांग्रेस विधायकों की कोरोना संक्रमण से मौत के बाद खाली हैं।

कांग्रेस विधायक कलावती भूरिया की 24 अप्रैल 2021 को निधन होने के कारण जोबट सीट खाली है, जबकि कांग्रेस के ही दूसरे विधायक बृजेन्द्र सिंह राठौर की आज (दो मई) शाम को मृत्यु होने से पृथ्वीपुर सीट रिक्त हुई है।

टंडन की जीत पर मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भाजपा पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया, ‘‘जीत आखिर सच की ही हुई। दमोह उपचुनाव के परिणाम से प्रदेश से भाजपा की उल्टी गिनती की शुरुआत हो गयी है। भाजपा की ‘जनता से पहले चुनाव को प्राथमिकता’ की नीति व सोच को जनता ने इस परिणाम से कड़ा सबक सिखा दिया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा के झूठ, झूठी घोषणाओं, झूठे शिलान्यास, झूठे भूमि पूजन, सौदेबाजी व बोली की राजनीति, संवैधानिक व लोकतांत्रिक मूल्यों की हत्या, समाज को बांटने की राजनीति, नफ़रत की राजनीति के अंत की शुरुआत हो चुकी है।’’

कमलनाथ ने कहा, ‘‘दमोह की जनता ने आज देश भर में संदेश दे दिया है कि वह किस रास्ते पर चलना चाहती है। उसने बता दिया कि वह सच्चाई के साथ है। भारत की जोड़ने वाली संस्कृति के साथ है। भाजपा सरकार के पिछले एक वर्ष के नाकारापन, कुशासन की सजा आज पूरा प्रदेश भुगत रहा है। इस परिणाम से यह स्पष्ट हो चुका है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं दमोह के मतदाता का आभार मानता हूं , जिन्होंने कांग्रेस पर भरोसा कर सच्चाई का साथ दिया। मैं कांग्रेस प्रत्याशी अजय टंडन को जीत पर बधाई देता हूं। साथ ही उन सभी कांग्रेसजनों का भी आभार मानता हूं जिन्होंने इस अपचुनाव में अपनी महती भूमिका निभायी।’’

भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्वीट किया, ‘‘दमोह विधानसभा उपचुनाव में जीत पर कांग्रेस उम्मीदवार अजय टंडन जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Madhya Pradesh: Congress candidate Ajay Tandon won by 17,097 votes in Damoh assembly by-election

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे