मध्य प्रदेश के कॉलेज में अब होगी हिंदू धर्म की पढ़ाई, इसी सत्र से नया पाठ्यक्रम होगा लागू
By विनीत कुमार | Updated: September 13, 2021 15:15 IST2021-09-13T15:02:15+5:302021-09-13T15:15:02+5:30
मध्य प्रदेश के कॉलेजों में अब हिंदू धर्म की पढ़ाई कराई जाएगी। छात्रों को वेद, उपनिषद और पुराणों की भी शिक्षा दी जाएगी।

मध्य प्रदेश के कॉलेज में अब हिंदू धर्म की होगी पढ़ाई
भोपल: मध्य प्रदेश के कॉलेज में अब हिंदू धर्म की पढ़ाई कराई जाएगी। उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव ने ये बात कही। उन्होंने कहा कि कॉलेजों में अब छात्र भगवान राम, हनुमान और तुलसीदास की जीवनी पढ़ सकेंगे। साथ ही वेद, उपनिषद और पुराणों की भी शिक्षा दी जाएगी।
मोहन यादव ने बताया कि कॉलेजों में बीए के प्रथम वर्ष में दर्शनशास्त्र में नया पाठ्यक्रम जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि बीए के छात्रों को वैकल्पिक विषय के तौर पर दर्शनशास्त्र पढाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसी सत्र से नई शिक्षा नीति के तहत नया पाठ्यक्रम लागू होगा।
मोहन यादव ने कहा कि भविष्य में बुरी शक्तियां धर्म को नुकसान ना पहुंचा पाए इसलिए नैतिक और धार्मिक शिक्षा देना जरूरी है। मिली जानकारी के अनुसार नए पाठ्यक्रम संबंधी आदेश शिक्षा विभाग की ओर से जारी कर दिए गए हैं।
नए पाठ्यक्रम में छात्रों को महाभारत, रामचरितमानस, योग और ध्यान के बारे में भी पढ़ाया जाएगा। रामचरितमानस के तहत अध्यायों में ‘भारतीय संस्कृति के मूल स्रोतों में आध्यात्मिकता और धर्म’ जैसे विषय शामिल होंगे। वहीं, ‘वेदों, उपनिषदों और पुराणों में चार युग’, ‘रामायण और श्री रामचरितमानस के बीच अंतर’ और ‘दिव्य अस्तित्व का अवतार’ को पढ़ाया जाएगा।
इस बीच कांग्रेस सहित विपक्षी दलों ने भाजपा को पाठ्यक्रम में अपनी विचारधार थोपने के लिए आड़े हाथों लिया है। एक अखबार से बात करते हुए कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा ने कहा कि महाभारत, गीता और रामचरितमानस से कोई समस्या नहीं है, लेकिन छात्रों के बीच सांप्रदायिक सद्भाव विकसित करने के लिए उन्हें बाइबिल, कुरान और गुरु ग्रंथ साहिब भी पढाया जाना चाहिए।