लुधियाना (पश्चिम) विधानसभा उपचुनाव 2025ः संजीव अरोड़ा के सामने भारत भूषण आशु, आप और कांग्रेस में टक्कर
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: April 5, 2025 17:47 IST2025-04-05T17:45:59+5:302025-04-05T17:47:06+5:30
Ludhiana West Assembly by-election 2025: आम आदमी पार्टी (आप) ने राज्यसभा सदस्य संजीव अरोड़ा को लुधियाना पश्चिम विधानसभा उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है।

सांकेतिक फोटो
Ludhiana West Assembly by-election 2025: कांग्रेस ने लुधियाना (पश्चिम) विधानसभा उपचुनाव के लिए शुक्रवार शाम को पंजाब के पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु को पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया। कांग्रेस की पंजाब इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष आशु (54) पार्टी का एक प्रमुख हिंदू चेहरा हैं और वह पहले लुधियाना (पश्चिम) सीट का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। पार्टी की ओर से जारी एक बयान के अनुसार कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस सीट से उपचुनाव लड़ने के लिए उनकी उम्मीदवारी को मंजूरी दे दी है।
लुधियाना पश्चिम सीट आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी के जनवरी में निधन के बाद खाली हुई थी। उपचुनाव की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है। आम आदमी पार्टी ने इससे पहले लुधियाना पश्चिम विधानसभा उपचुनाव के लिए राज्यसभा सदस्य संजीव अरोड़ा को अपना उम्मीदवार घोषित किया था। गोगी की उनके घर पर लाइसेंसी बंदूक से गलती से गोली चलने के कारण मृत्यु हो गई थी।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई ने शनिवार को पूर्व सांसद एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता अविनाश राय खन्ना को लुधियाना पश्चिम विधानसभा के आगामी उपचुनाव के लिए पार्टी प्रभारी घोषित किया। एक बयान के अनुसार, भाजपा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला को सह-प्रभारी नियुक्त किया। लुधियाना के उद्योगपति संजीव अरोड़ा वर्ष 2022 से राज्यसभा सदस्य हैं।