भगवान विष्णु की सदियों पुरानी प्रतिमा बरामद
By भाषा | Updated: March 26, 2021 19:13 IST2021-03-26T19:13:10+5:302021-03-26T19:13:10+5:30

भगवान विष्णु की सदियों पुरानी प्रतिमा बरामद
हासन (कर्नाटक), 26 मार्च भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के एक अधिकारी ने कहा कि कर्नाटक के हासन जिले के हाले बेलूर में भगवान विष्णु की एक प्राचीन प्रतिमा मिली है।
बेंगलुरु सर्कल के अधीक्षक पुरातत्वविद शिवकांत वाजपेयी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि स्थानीय लोगों को यहां तालाब की खुदाई के दौरान यह प्रतिमा मिली।
उन्होंने बताया कि यह मूर्ति होयसल काल की है। होयसल वंश ने 10वीं से 14वीं शताब्दी तक शासन किया था और बेलूर में चेन्नाकेशव मंदिर का और हासन जिले के हालेबीडू में होयसलेश्वर शिव मंदिर का निर्माण कराया था।
बाजपेई ने कहा कि एक एएसआई अधिकारी को यहां भेजा गया है और वह संभवतः सोमवार तक अपनी रिपोर्ट भेजेंगे।
उन्होंने बताया कि यह मूर्ति इस इस मत को पुष्ट करती है कि हाले बेलूर किसी जमाने में होयसल राजवंश की राजधानी हुआ करता था। 5.5 फुट की यह प्रतिमा होयसल स्थापत्य कला का नमूना है। इसमें भगवान विष्णु का चतुर्भुज रूप है। वह शंख, चक्र, गदा और कमल धारण किए हुए हैं।
एक स्थानीय निवासी ने बताया कि मूर्ति को सिर्फ आंशिक नुकसान पहुंचा है और यह ठीक है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।