लोकसभा चुनावः ये पांच दिग्गज उम्मीदवार चुनावी मैदान में, दांव पर प्रतिष्ठा
By स्वाति सिंह | Updated: April 18, 2019 17:36 IST2019-04-18T17:36:13+5:302019-04-18T17:36:13+5:30
लोकसभा चुनाव 2019: 70 वर्ष की आयु से अधिक होने के चलते भाजपा ने लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, कलराज मिश्र, भुवन चंद खंडूरी सहित अनेक का टिकट काट दिया है।

उम्रदराज उम्मीदवार अपने अनुभव के आधार पर जनता के बीच विकास के वादे रखने में जुटे हैं।
लोकसभा चुनाव में हर दल जोश में दिख रहे हैं। हर पार्टी के नेता प्रत्याशी का चयन उम्र के साथ अमुभव को तरहीज दे रहे हैं। जहां भाजपा ने ज्यादा उम्र के चलते अपने दिग्गज नेताओं को बेटिकट कर दिया है। वहीं अन्य दल 70 साल से ज्यादा आयु के नेता को टिकट दिए। उम्रदराज उम्मीदवार अपने अनुभव के आधार पर जनता के बीच विकास के वादे रखने में जुटे हैं। 70 वर्ष की आयु से अधिक होने के चलते भाजपा ने लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, कलराज मिश्र, भुवन चंद खंडूरी सहित अनेक का टिकट काट दिया है।
उम्र अधिक लेकिन जोश बरकरार
सोनिया गांधी: 72 वर्षीय सोनिया गांधी एकबार फिर से रायबरेली लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में हैं। सीटों पर नाम के ऐलान से पहले कयास लगाए जा रहे थे कि सोनिया गांधी वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में शायद चुनावी मुकाबले में न उतरें। हालांकि, कांग्रेस की पहली ही लिस्ट में इन तमाम कयासों पर विराम लग गया।
सत्यदेव पचौरी: 71 वर्षीय सत्यदेव पचौरी को कानपुर लोकसभा सीट से बीजेपी ने प्रत्याशी घोषित किया है। हालांकि, हैरान करने वाला यह है कि उम्र के हवाले से ही मुरली मनोहर जोशी का टिकट काट दिया गया। सवर्ण मतदाता बहुल इस शहरी सीट पर उनकी टक्कर तीन बार के सांसद श्रीप्रकाश जायसवाल से होगी।
जीतन राम मांझी: विपक्षी गठबंधन में शामिल होकर हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी (74) गया लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में हैं। बता दें कि बिहार की चार लोकसभा सीटों पर 11 अप्रैल को वोटिंग होगी।
मुलायम सिंह यादव: समाजवादी पार्टी (एसपी) के संरक्षक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की उम्र 79 वर्ष है। पिछली बार उन्होंने मैनपुरी और आजमगढ़ लोकसभा सीट से चुनाव जीता था। उन्होंने 2014 में आजमगढ़ सीट अपने पास रखी थी, लेकिन इस बार उन्हें मैनपुरी लोकसभा सीट से प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं, आजमगढ़ सीट से एसपी अध्यक्ष अखिलेश यादव चुनाव मैदान में उतरे हैं।
श्रीप्रकाश जायसवाल: 74वर्षीय श्रीप्रकाश जायसवाल को कांग्रेस पार्टी ने कानपुर लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में उतारा है। इससे पहले वह पूर्व केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं। पिछली बार वर्ष 2014 में उन्हें बीजेपी उम्मीदवार मुरली मनोहर जोशी ने करारी शिकस्त दी थी। इस बार बीजेपी ने श्रीप्रकाश जायसवाल के सामने चुनावी मुकाबले में सत्यदेव पचौरी को उतारा है।