Lokmat Parliamentary Awards: रामनाथ कोविंद ने कहा- सांसदों ने संसदीय गरिमा को समृद्ध किया, प्रतिनिधि जनता के लिए करें काम
By सतीश कुमार सिंह | Updated: April 28, 2023 14:26 IST2023-03-14T19:20:08+5:302023-04-28T14:26:02+5:30
Lokmat Parliamentary Awards: पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि सभी पुरस्कृत सांसदों ने अपने ज्ञान एवं विवेक द्वारा संसदीय गरिमा को समृद्ध किया है और अन्य सांसदों के सामने अनुकरणीय उदाहरण पेश किया है।

विजेता सदस्यों के साथ पूर्व राष्ट्रपति।
Lokmat Parliamentary Awards: लोकमत संसदीय पुरस्कार (Lokmat Parliamentary Awards) के मुख्य अतिथि के तौर पर भारत के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कार्यक्रम के अध्यक्षीय भाषण में सभी पुरस्कृत सांसदों को बधाई दी।
पूर्व राष्ट्रपति कोविंद ने कहा, सभी पुरस्कृत सांसदों ने अपने ज्ञान एवं विवेक द्वारा संसदीय गरिमा को समृद्ध किया है और अन्य सांसदों के सामने अनुकरणीय उदाहरण पेश किया है। पूर्व राष्ट्रपति कोविंद ने कहा कि मुझे यह जानकर खुशी हुई कि लोकमत समूह संसदीय पुरस्कार के साथ ही देश के सर्वश्रेष्ठ सरपंच को भी पुरस्कार देता है।
कोविंद ने कहा कि देश के अन्य मीडिया समूह को भी सांसदों, विधायकों और ग्रामपंचायतों के पदाधिकारियों को सम्मानित करने इस तरह की परम्परा को अपनाना चाहिए। देश की जनता, खासकर गरीब जनता जन प्रतिनिधियों से बहुत आस लगाए रखते हैं। देश की जनता अपेक्षा करती है कि उनके प्रतिनिधि उनके जीवन को बेहतर बनाएँ।
उनकी अपेक्षाओं पर खतरा उतरना ही लोकतंत्र की कसौटी है। वास्तव में ग्रामसभा, विधानसभा और संसद के निर्वाचित प्रतिनिधियों की एक प्राथमिकता होनी चाहिए, देश हित और राष्ट्रहित में कार्य करना। सभी पुरुस्कृत सांसदों के उत्कृष्ट योगदान के पीछे यही भावना रही होगी।
कार्यक्रम में कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राष्ट्रवादी कांग्रेस के प्रमुख शरद पवार, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह, लोकमत समूह के चेयरमैन विजय दर्डा और लोकमत समूह के प्रधान सम्पादक राजेंद्र दर्डा मंच पर मौजूद थे।


