Lok Sabha Elections: लोकसभा चुनाव से पहले दलबदल जारी, पांच बार के विधायक अरबिंद ने बीजद से इस्तीफा दिया, भाजपा में शामिल होंगे, प्रदीप पाणिग्रही-प्रशांत जगदेव भी शामिल हो चुके हैं
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: March 2, 2024 14:21 IST2024-03-02T14:20:12+5:302024-03-02T14:21:02+5:30
Lok Sabha Elections 2024: इस्तीफा बीजद अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को ईमेल के जरिए भेज दिया है। इस्तीफे का कोई कारण नहीं बताया।

file photo
Lok Sabha Elections 2024: पांच बार के विधायक अरबिंद धाली ने शनिवार को सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) से इस्तीफा दे दिया और कहा कि वह विपक्षी भाजपा में शामिल होंगे। खोरधा जिले के जयदेव क्षेत्र से विधायक धाली ने कहा कि उन्होंने अपना इस्तीफा बीजद अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को ईमेल के जरिए भेज दिया है। हालाँकि, उन्होंने अपने इस्तीफे का कोई कारण नहीं बताया। धाली पहली बार 1992 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर उपचुनाव में मलकानगिरी सीट से विधानसभा के लिए चुने गए थे। उन्होंने लगातार दो बार यह सीट बरकरार रखी। इसके बाद, वह बीजद में शामिल हो गए और 2009 में जयदेव निर्वाचन क्षेत्र से विधानसभा के लिए चुने गए। उन्होंने इस सीट से 2019 का चुनाव भी जीता था।
वह पटनायक सरकार में परिवहन और निगम मंत्री थे। पिछले महीने बीजद से निष्कासित विधायक प्रदीप पाणिग्रही और प्रशांत जगदेव भी भाजपा में शामिल हो चुके हैं। बीजद नेता एवं पूर्व राज्य मंत्री देबासिस नायक ने भी हाल में पाला बदल लिया था। राज्य में विधानसभा और लोकसभा चुनाव एक साथ होंगे।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओडिशा इकाई के अध्यक्ष मनमोहन सामल ने कहा कि पार्टी राज्य में आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनावों के लिए बीजू जनता दल (बीजद) सहित किसी भी राजनीतिक दल के साथ कोई गठबंधन नहीं होगा। सामल ने कहा कि भाजपा ओडिशा की सभी 21 लोकसभा सीट और 147 विधानसभा क्षेत्रों में अपने उम्मीदवार उतारेगी। सामल ने कहा, ‘‘यह किसी अज्ञात ताकत द्वारा फैलाई गई अफवाह है। बीजद के साथ गठबंधन की हमारी कोई योजना नहीं है।’’