Lok Sabha Elections 2024: लालू यादव अपने पुराने अंदाज में लौटे, पैतृक गांव गोपालगंज के फुलवरिया पहुंचे, आखिर वजह
By एस पी सिन्हा | Updated: August 21, 2023 19:47 IST2023-08-21T19:45:50+5:302023-08-21T19:47:00+5:30
Lok Sabha Elections 2024: किडनी ट्रांसप्लांट के बाद लालू यादव पूरी तरह से स्वस्थ नजर आ रहे हैं। आज नाग पंचमी के मौके पर लालू यादव अपने पैतृक गांव फुलवरिया जाकर पूजा पाठ किया।

file photo
Lok Sabha Elections 2024:लोकसभा चुनाव से पहले राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने बिहार में अपनी सियासी सक्रियता बढा दी। लालू यादव अपने पुराने अंदाज में लौट आए हैं। उन्होंने हाल ही में पटना के मरीन ड्राइव के नजारों का आनंद उठाया तो अब अपने पैतृक गांव गोपालगंज के फुलवरिया पहुंच गए हैं।
उनके साथ उनकी पत्नी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी भी हैं। जिस रथ से दोनों रवाना हुए हैं, उसकी भी एक बड़ी खासियत है। बता दें कि किडनी ट्रांसप्लांट के बाद लालू यादव पूरी तरह से स्वस्थ नजर आ रहे हैं। आज नाग पंचमी के मौके पर लालू यादव अपने पैतृक गांव फुलवरिया जाकर पूजा पाठ किया।
गांव पहुंचने के बाद लालू यादव ने यह जताया कि वह खाने के काफी शौकीन हैं। लजीज व्यंजन देख वह बेकाबू हो जाते हैं। लालू ने गांव के लोगों से कहा कि आप लोग तो जानते ही हैं कि किडनी के रोग से ग्रसित थे। हमारी बेटी रोहिणी आचार्या जो सिंगापुर में रहती है, उसने मुझे जीवन दान दिया।
बिना अपनी जान की परवाह किए रोहिणी ने अपनी किडनी हमको डोनेट किया। दुनिया के सबसे बड़े डॉक्टर जो चीन के रहने वाले हैं, उन्होंने किडनी ट्रांसप्लांट किया। तीन चार महीना तक वहां रूके और डॉक्टर ने जब छोड़ा तो अपने देश वापस लौट आए। डॉक्टर के सुझाव को फॉलो कर रहे हैं लेकिन जीभ चटोरी के कारण कभी कभी डॉक्टरों के गाइडलाइन का उल्लंघन भी हो जाता है।