Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा पर बड़ा बदलाव, कई राज्य में प्रदेश अध्यक्ष बदले, इन पर खेला दांव
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: July 4, 2023 17:16 IST2023-07-04T17:13:50+5:302023-07-04T17:16:18+5:30
Lok Sabha Elections 2024: कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री किरन कुमार रेड्डी को भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य नियुक्त किया गया है।

file photo
Lok Sabha Elections 2024: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को सांगठनिक बदलाव करते हुए केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी को तेलंगाना, सुनील जाखड़ को पंजाब, पूर्व केंद्रीय मंत्री डी पुरंदेश्वरी को आंध्र प्रदेश और पूर्व मुख्यमंत्री बाबू लाल मरांडी को पार्टी की झारखंड इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया।
पार्टी ने साथ ही तेलंगाना की सत्ताधारी भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) से भाजपा में आने वाले पूर्व मंत्री एटेला राजेंद्र को राज्य में चुनाव प्रबंधन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया है। तेलंगाना में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। केंद्रीय मंत्री रेड्डी प्रदेश अध्यक्ष के रूप में बंडी संजय कुमार की जगह लेंगे। कुमार को 2020 में प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
वह करीमनगर से सांसद हैं। पार्टी की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक, पुरंदेश्वरी को आंध्र प्रदेश में पार्टी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वह सोमू वीराजू की जगह लेंगी। पुरंदेश्वरी आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन टी रामाराव की बेटी हैं। वह कांग्रेस के टिकट पर विशाखापट्टनम से लोकसभा चुनाव जीतने के बाद संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार में मंत्री भी रहीं।
वर्ष 2014 में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। वह वर्तमान में भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव हैं। पिछले साल मई में कांग्रेस का दामन छोड़कर भाजपा में शामिल हुए जाखड़ को पंजाब में पार्टी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। जाखड़, अश्विनी शर्मा की जगह लेंगे। झारखंड में भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री मरांडी पर भरोसा जताया है।
वह वर्तमान में राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं। झारखंड के पहले मुख्यमंत्री मरांडी प्रदेश अध्यक्ष के रूप में दीपक प्रकाश की जगह लेंगे। पिछले दिनों कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री किरन कुमार रेड्डी को भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य नियुक्त किया गया है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने इन नियुक्तियों को अंतिम रूप दिया है और ये तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।