लोकसभा चुनाव 2019: सपा ने चार और उम्मीदवारों की सूची की जारी, संभल से अपर्णा यादव को टिकट नहीं
By विनीत कुमार | Updated: March 15, 2019 15:17 IST2019-03-15T14:40:27+5:302019-03-15T15:17:57+5:30
संभल से यादव परिवार की बहू अपर्णा यादव के लोकसभा से चुनाव लड़ने की अटकले लगाई जा रही थी।

लोकसभा चुनाव 2019: सपा ने चार और उम्मीदवारों की सूची की जारी, संभल से अपर्णा यादव को टिकट नहीं
समाजवादी पार्टी ने लोकसभा चुनाव-2019 के लिए अपनी एक और सूची जारी कर दी है। इसमें पार्टी ने चार सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की है। इसके तहत गोंडा सीट से विनोद कुमार उर्फ पंडित सिंह, बाराबंकी से राम सागर रावत, कैराना से तबस्सुम हसन और संभल सीट से शफीकुर रहमान को उम्मीदवार घोषित किया गया है।
हालांकि, संभल से यादव परिवार की बहू अपर्णा यादव के लोकसभा से चुनाव लड़ने की अटकले लगाई जा रही थी। लेकिन अब पार्टी ने संभल से शफीकुर रहमान बर्क को उम्मीदवार घोषित कर इन अटकों पर विराम लगा दिया है। माना जा रहा था कि मुलायम भी अपर्ण को संभल से चुनाव लड़ाने के इच्छुक थे।
कैराना से तबस्सुम को टिकट मिला है जो इसी सीट पर आरएलडी की वर्तमान सांसद हैं। हुकुम सिंह के निधन के बाद तबस्सुम ने यहां हुए उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी मृगांका सिंह को हराया था। साल 2018 से पहले तबस्सुम बसपा की ओर से इसी सीट से उम्मीदवार बनी थीं।
समाजवादी पार्टी इससे पहले 6 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया था। मुलायम सिंह यादव को मैनपुरी से उम्मीदवार बनाया गया था। वहीं, धर्मेंद्र यादव को बदायूं जबकि फिरोजाबाद से अक्षय यादव को टिकट दिया गया है। बहराइच से शब्बीर वाल्मीकि, रॉबर्ट्सगंज से भाईलाल कोल और इटावा से कमलेश कठेरिया से टिकट मिला है।