मुम्बई में 10 महीने बाद आम लोगों के लिए शुरू हुई लोकल ट्रेन

By भाषा | Updated: February 1, 2021 12:01 IST2021-02-01T12:01:24+5:302021-02-01T12:01:24+5:30

Local train started for common people after 10 months in Mumbai | मुम्बई में 10 महीने बाद आम लोगों के लिए शुरू हुई लोकल ट्रेन

मुम्बई में 10 महीने बाद आम लोगों के लिए शुरू हुई लोकल ट्रेन

मुम्बई, एक फरवरी मुम्बई में करीब 320 दिन बाद सोमवार सुबह से लोकल ट्रेन में आम लोगों कों यात्रा करने की अनुमति मिल गयी। हालांकि यह अनुमति सीमित घंटों के लिए ही दी गयी है।

मध्य रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी शिवाजी सुतार ने बताया कि सभी अधिकृत निकास/प्रवेश बिंदुओं पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्थानीय पुलिस की मदद ली जा रही है और सुचारू संचालन के लिए ‘टिकट खिड़कियां’ भी खोल दी गई हैं।

लोकल ट्रेन की सेवाएं आम लोगों के लिए दिन की सेवा शुरू होने से सुबह सात बजे तक, फिर दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक और रात नौ बजे से सेवा समाप्ति तक उपलब्ध रहेगी।

रेल मंत्रालय और महाराष्ट्र सरकार के निर्देशों के मुताबिक, सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक और शाम चार बजे से रात नौ बजे तक केवल आवश्यक सेवाओं से जुड़े कर्मचारी ही लोकल ट्रेन में यात्रा कर पाएंगे।

सुतार ने कहा, ‘‘ मास्क पहनना अनिवार्य है और कोविड-19 संबंधी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वालों से जुर्माना वसूलने के लिए नागरिक अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा।’’

कोविड-19 वैश्विक महामारी के मद्देनजर आम जनता के लिए पिछले वर्ष 22 मार्च से लोकल ट्रेन बंद हैं। आवश्यक सेवाओं के कर्मियों के लिए इन्हें 15 जून से बहाल किया गया था।

सुतार ने बताया कि आम जनता के लिए सेवाएं बहाल करने के लिए उपनगरीय रेलवे स्टेशनों पर सभी अधिकृत निकास/प्रवेश, लिफ्ट, एस्केलेटर और फुट ओवर ब्रिज खोल दिए गए हैं। सभी ‘टिकट खिड़कियां’ खोल दी गई हैं और स्वचालित ‘टिकट वेंडिंग मशीन’ भी चालू कर दी गई हैं।

अधिकारी ने कहा, ‘‘ उन स्टेशनों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं, जहां भीड़ अधिक हो सकती है।’’

अभी तक मुम्बई उपनगर नेटवर्क पर 2,985 लोकल ट्रेन ही चल रही थीं, जो कुल सेवाओं का करीब 95 प्रतिशत है।

लॉकडाउन से पहले सामान्य दिनों में मध्य रेलवे रोजाना 1,774 सेवाओं, जबकि पश्चिमी रेलवे 1,367 सेवाओं का संचालन करती थी।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Local train started for common people after 10 months in Mumbai

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे