राजद विधायकों के द्वारा स्वर्गीय रामविलास पासवान को बेचारा कहे जाने पर लोजप(रा) विधायकों का फुटा गुस्सा, विधानसभा में किया जमकर हंगामा
By एस पी सिन्हा | Updated: February 16, 2026 15:47 IST2026-02-16T15:47:45+5:302026-02-16T15:47:45+5:30
स्वर्गीय रामविलास पासवान को बेचारा कहे जाने पर विधायकों का गुस्सा फूट पड़ा, जिसके बाद से विधायक नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की तरफ से माफी मांगने की मांग करने लगे। दरअसल, सदन की कार्यवाही शुरू होते ही पार्टी के विधायकों ने पोस्टर लेकर हंगामा शुरू कर दिया।

राजद विधायकों के द्वारा स्वर्गीय रामविलास पासवान को बेचारा कहे जाने पर लोजप(रा) विधायकों का फुटा गुस्सा, विधानसभा में किया जमकर हंगामा
पटना: बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरा सदन की कार्यवाही शुरू होते ही सोमवार को माहौल गर्म हो गया। कार्यवाही की शुरुआत में ही लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के विधायक राजू तिवारी ने विपक्षी विधायकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनसे माफी की मांग कर दी। स्वर्गीय रामविलास पासवान को बेचारा कहे जाने पर विधायकों का गुस्सा फूट पड़ा, जिसके बाद से विधायक नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की तरफ से माफी मांगने की मांग करने लगे। दरअसल, सदन की कार्यवाही शुरू होते ही पार्टी के विधायकों ने पोस्टर लेकर हंगामा शुरू कर दिया।
सदन में लोजपा (रामविलास) के विधायक राजू तिवारी ने कहा कि रामविलास पासवान जी हमारी भावनाओं से जुड़े है। 50 साल का राजनीतिक जीवन है। आप किसी के बारे में कुछ भी बोल दीजिएगा। ये लोग दलित विरोधी हैं। इसके साथ ही सदन के बाहर परिसर में विधायकों ने ‘फेलस्वी का गुंडा दल कर रहा उनका अपमान, जिन्होंने दलितों को दिलाया सम्मान’ और ‘देश के दूसरे अंबेडकर का अपमान, नहीं सहेगा हिंदूस्तान’ के नारे जमकर लगाए।
लोजपा (रामविलास) के विधायकों का यह भी कहना था कि रामविलास जी का अपमान विधानसभा के अंदर राजद के विधायक ने किया है। तत्काल पूरे मामले पर राजद के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव माफी मांगे। बता दें कि पिछले दिनों राजद विधायक सर्वजीत ने रामविलास पासवान को बेचारा बताया था। जिसके बाद से लोजपा (रामविलास) के नेता आक्रोशित हैं।
लोजपा (रामविलास) के विधायक ने कहा कि इस तरह की भाषा का जो इस्तेमाल करते हैं, राजद के लोगों का यही संस्कार रहा है। फेलस्वी की जो पाठशाला है, जहां से ये लोग आते हैं, वहां इसी तरह की बातें सिखाई जाती हैं। हमारे नेता स्वर्गीय रामविलास पासवान जी के खिलाफ जिस तरह के शब्द का इस्तेमाल किया है, राजद के नेता को पूरे सदन में माफी मांगनी चाहिए।
लोजपा (रामविलास) की विधायक बेबी कुमारी ने कहा कि हमारे नेता को बेचारा क्यों बोलें? आगाह करना चाहती हूं तेजस्वी यादव से कि 25 जीत कर आएं हैं और अगली बार जीरो पर आउट हो जाएंगे। तेजस्वी अपने लालू जी और राबड़ी जी के बारे में सोचे, हम 19 विधायक काफी हैं। हम यह बिल्कुल बर्दाश नहीं करेंगे। अपने विधायकों को तेजस्वी कैसी पाठशाला दे रहे? हमलोग कमजोर नहीं हैं।