“अंग्रेजों ने जैसे ईस्ट इंडिया कंपनी बनाकर देश लूटा, ये भी लूटेंगे", अश्विनी चौबे ने विपक्ष के 'इंडिया' पर साधा निशाना
By आशीष कुमार पाण्डेय | Updated: July 19, 2023 14:24 IST2023-07-19T14:14:49+5:302023-07-19T14:24:00+5:30
केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने दावा किया है कि विपक्षी दलों का गठबंधन 'इंडिया' नहीं बल्कि ईस्ट इंडिया कंपनी है, जिसे एक बार फिर इस देश को लूटना है लेकिन भाजपा के होते वो अपने मकसद में कामयाब नहीं हो पाएंगे।

“अंग्रेजों ने जैसे ईस्ट इंडिया कंपनी बनाकर देश लूटा, ये भी लूटेंगे", अश्विनी चौबे ने विपक्ष के 'इंडिया' पर साधा निशाना
पटना: केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने 26 विपक्षी दलों के नए बैनर 'इंडिया' के बारे में बेहद तीखा तंज करते हुए कहा कि विपक्ष इंडिया के नाम पर देश लूटने की साजिश रच रहा है लेकिन एनडीए और भाजपा ऐसा होने नहीं देगी। उन्होंने बेहद व्यंग्य भरे स्वर में कहा कि भ्रष्टाचारियों की जमात चाहे जो नाम रख ले, देश की जनता उन्हें अच्छे से पहचानती है और आने वाले लोकसभा चुनाव में अपने वोट से डंके की चोट पर उन्हें खारिज कर देगी।
भाजपा के वरिष्ठ नेता अश्विनी कुमार चौबे ने दावा किया है कि विपक्षी दलों का गठबंधन 'इंडिया' नहीं बल्कि ईस्ट इंडिया कंपनी है, जिसे एक बार फिर इस देश को लूटना है लेकिन भाजपा के होते वो अपने मकसद में कामयाब नहीं हो पाएंगे।
उन्होंने विपक्षी गठबंधन के नये नाम 'इंडिया' को लेकर कहा, “आजादी से पहले इस देश में जिस तरह से अंग्रेज ईस्ट इंडिया कंपनी के नाम पर देश लूटा करते थे। ठीक उसी तरह से एक बार फिर सभी लुटेरों और भ्रष्टाचारियों ने देश को खोखला करने के लिए गठबंधन बना लिया है लेकिन भाजपा के होते उनका मकसद सफल नहीं होगा।"
केंद्रीय मंत्री ने कहा, “जिस तरह से सांप रेंगने वालों को छोड़ देता है। ईस्ट इंडिया कंपनी वाले भी देश लूटा और इन्हें यहां छोड़ गये। अब वे भी 'इंडिया' नाम बदल कर देश लूटने की फिराक में हैं लेकिन वो इस बात को याद रखें कि देश की जनता उन्हें माफ नहीं करेगी, चाहे भले वो अपनी जमात का नाम इंडिया रख लें।”
विपक्ष के इस रणनीति पर बेहद खफा चौबे ने कहा, "कुछ साल पहले 'स्पेशल 26' नाम से एक फिल्म रिलीज हुई थी। उसमें जिस तरह का फ्रॉड होता था, विपक्षी नेता आज इस देश में उसे दोहराने की कोशिश कर रहे हैं।"
केंद्रीय मंत्री चौबे ने विपक्ष की बैठक से लालू और नीतीश के जल्दी पटना लौटने पर कहा, “क्या हुआ जब दूल्हा शादी से पहले मंडप छोड़ गया। देश की जनता एक बार फिर नरेंद्र मोदी को वोट देगी।''
अश्विनी चौबे के अलावा बिहार भाजपा के प्रवक्ता अरविंद कुमार सिंह ने भी विपक्षी बैठक को लेकर नीतीश कुमार पर निशाना साधा। भाजपा नेता अरविंद कुमार सिंह ने कहा, ''नीतीश कुमार को अंग्रेजी भाषा से बड़ी आपत्ति है। इसलिए कांग्रेस ने बड़ी चतुराई से गठबंधन का नाम 'भारत' कर दिया। मैं नीतीश कुमार से कहना चाहता हूं कि कांग्रेस पार्टी अंग्रेजों की नीतियों पर चलती है। अप बड़ी आशा से वहां गये थे, परन्तु अपको कुछ न मिला और अब न आप इधर के रहे और न उधर के। कांग्रेस ने नीतीश कुमार का जिस तरह से अपमान किया है, उससे वो बिहार में पूरी तरह से अप्रासंगिक हो गये हैं।"