मुंबई की आरे कॉलोनी में तेंदुए के शावक को बचाया गया

By भाषा | Updated: September 29, 2021 17:28 IST2021-09-29T17:28:53+5:302021-09-29T17:28:53+5:30

Leopard cub rescued in Mumbai's Aarey Colony | मुंबई की आरे कॉलोनी में तेंदुए के शावक को बचाया गया

मुंबई की आरे कॉलोनी में तेंदुए के शावक को बचाया गया

मुंबई, 29 सितंबर मुंबई की आरे मिल्क कॉलोनी में एक पूर्व मेट्रो कार शेड स्थल के पास से तेंदुए के एक शावक को बचाया गया जिसकी उम्र लगभग दो महीने होगी। वन विभाग के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि शावक को उसकी मां से मिलाने की कोशिशें की जा रही हैं।

वन विभाग के अधिकारियों को आरे कॉलोनी में 21 यूनिट के समीप तेंदुए का शावक पाए जाने के बारे में मंगलवार दोपहर को सूचना मिली थी। स्थानीय निवासी अजित कावंदर ने धातु की कुछ चादरों के पीछे शावक को देखा और उसे बचा लिया।

उन्होंने कहा, ‘‘वह कमजोर दिखायी दिया और ऐसा हो सकता है कि आवारा कुत्तों ने उस पर हमला किया हो। मैं उसे अपने घर ले आया। वह भीगा हुआ था और कांप रहा था तो मैंने उसे अपनी कमीज में लपेट दिया। बाद में मैंने पुलिस को सूचित किया और शावक को वन विभाग को सौंप दिया।’’

संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान में सहायक आयुक्त (वन्यजीव) सैलेश पेठे ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि शावक अभी उद्यान के भीतर एक पार्क में है और उसकी देखभाल की जा रही है। उसकी उम्र दो महीने के आसपास होगी।

उन्होंने कहा, ‘‘कल हमने शावक को उसकी मां से फिर से मिलाने की कोशिश की लेकिन वह उस स्थान पर नहीं गई जहां शावक मिला था। इस शाम को फिर से कोशिश की जाएगी।’’ उन्होंने बताया कि शावक कमजोर दिखायी दे रहा है और ऐसी आशंका है कि वह किसी बीमारी के संपर्क में आया हो।

मुंबई के एक प्रकृति विज्ञानी शार्दुल बाजीकर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि उपनगर मुंबई में आरे कॉलोनी, मरोल और जेवीएल इलाके में हमेशा तेंदुए की गतिविधियां देखी जाती हैं। उन्होंने चिंता जतायी कि हाल के हफ्तों में मानव-तेंदुए के संघर्ष की घटनाएं बढ़ी हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘तेंदुए ने एक बच्चे पर हमला किया था लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे बचा लिया। तेंदुए ने एक और व्यक्ति के हाथ पर काट लिया था। कोई गंभीर घटना घटने से पहले एजेंसियों को सक्रिय कदम उठाना चाहिए। जिन तेंदुओं के साथ समस्या हैं, उनकी पहचान होनी चाहिए, उन्हें पकड़ा जाना चाहिए और बचाव केंद्र या चिड़ियाघर भेजा जाना चाहिए।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Leopard cub rescued in Mumbai's Aarey Colony

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे