गुजरात व हिमाचल प्रदेश के ताजा रुझानों में ये प्रमुख चेहरे चल रहे हैं आगे, गुजरात में भाजपा को प्रचंड बहुमत, इशुदान गढ़वी 6000 वोटों से आगे
By अनिल शर्मा | Updated: December 8, 2022 11:04 IST2022-12-08T10:54:18+5:302022-12-08T11:04:13+5:30
जामनगर उत्तर से क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा (भाजपा) भी आगे चल रही हैं। वहीं, हिमाचल प्रदेश में सेराज से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 30198 मतों से आगे हैं।

गुजरात व हिमाचल प्रदेश के ताजा रुझानों में ये प्रमुख चेहरे चल रहे हैं आगे, गुजरात में भाजपा को प्रचंड बहुमत, इशुदान गढ़वी 6000 वोटों से आगे
Gujarat, Himachal Pradesh Result: गुजरात विधानसभा चुनाव की मतगणना के ताजा रुझानों में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिल गया है। गुजरात में सभी 182 सीटों की मतगणना के रुझान सामने आ गए हैं और यहां भाजपा करीब 152 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की बात करें तो दोनों पार्टियां क्रमशः 20 सीटों और 9 सीटों पर आगे है। वहीं हिमाचल के ताजा रुझानों में कांग्रेस 35 सीटों पर बढ़त बनाई हुई है जबकि भाजपा 29 सीटों पर आगे है।
गुजरात चुनाव के ताजा रुझानों में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल (घाटलोडिया), गृह मंत्री हर्ष संघवी (मजुरा), भाजपा प्रत्याशी हार्दिक पटेल (विरमगाम) और 'आप' के मुख्यमंत्री उम्मीदवार इसुदान गढ़वी (खंभालिया) अपनी-अपनी सीटों पर आगे चल रहे हैं। इशुदान 6000 वोटों से आगे चल रहे हैं। जामनगर उत्तर से क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा (भाजपा) भी आगे चल रही हैं। वहीं, हिमाचल प्रदेश में सेराज से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 30198 मतों से आगे हैं।
मतगणना से पहले विरमगाम सीट से भाजपा उम्मीदवार हार्दिक पटेल ने दावा किया था कि भाजपा 135-145 सीटें जीतकर राज्य में सरकार बनाएगी। बकौल हार्दिक, "पिछले 20 वर्षों से गुजरात में कोई भी दंगा या आतंकी हमला नहीं हुआ है। लोग जानते हैं कि भाजपा उनकी उम्मीदों पर खरी उतरी है।"