दिवंगत गायक एस पी बालसुब्रमण्यम, तरूण गोगोई व सुमित्रा महाजन पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किये गए

By भाषा | Updated: November 9, 2021 20:35 IST2021-11-09T20:35:47+5:302021-11-09T20:35:47+5:30

Late singers SP Balasubramaniam, Tarun Gogoi and Sumitra Mahajan honored with Padma Awards | दिवंगत गायक एस पी बालसुब्रमण्यम, तरूण गोगोई व सुमित्रा महाजन पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किये गए

दिवंगत गायक एस पी बालसुब्रमण्यम, तरूण गोगोई व सुमित्रा महाजन पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किये गए

नयी दिल्ली, नौ नवंबर राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने जाने गायक दिवंगत एस पी बालसुब्रमण्यम, लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष सुमित्रा महाजन और असम के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत तरूण गोगोई समेत 118 प्रतिष्ठित शख्सियतों को मंगलवार को पद्म पुरस्कार से नवाज़ा।

वर्ष 1970 के मध्य में रामजन्म भूमि स्थल पर खुदाई की अगुवाई करने वाले पुरातत्त्वविद् बी बी लाल, बालसुब्रमण्यम (मरणोपरांत) और इस्लामी विद्वान मौलाना वहीदुद्दीन खान (मरणोपरांत) को पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। यह देश का दूसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान है।

ओडिशा के जानेमाने मूर्तिकार सुदर्शन साहू, कर्नाटक के प्रसिद्ध डॉक्टर और शिक्षाविद् बी मोनप्पा हेगड़े और अमेरिका में रहने वाले इंजीनियरिंग वैज्ञानिक नरिंदर सिंह कपानी (मरणोपरांत) को भी सुबह और शाम में आयोजित दो नागरिक अलंकरण समारोहों में पद्म विभूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

जापान के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहे शिंजो आबे को पद्म विभूषण दिया गया है, लेकिन वह पुरस्कार लेने के लिए समारोह में उपस्थित नहीं थे।

उपरष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर मौजूद रहे।

सुमित्रा महाजन, प्रधानमंत्री मोदी के पूर्व प्रधान सचिव नृपेंद्र मिश्रा, उद्योगपति रजनीकांत डी श्रॉफ और पूर्व सांसद तरलोचन सिंह को जनसेवा और लोक सेवा में उनके योगदान के लिए पद्म भूषण प्रदान किया गया। महाजन भारत की पहली ऐसी महिला हैं जो आठ बार सांसद रही हैं।

असम के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले गोगोई, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री केशुभाई पटेल, पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान और इस्लामी विद्वान सैयद कल्बे सादिक को मरणोपरांत पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। उनके परिवार के सदस्यों ने ये पुरस्कार ग्रहण किए।

कर्नाटक के कवि और नाटककार चंद्रशेखर कंबार और गायक के एन शांताकुमारी चित्रा को भी पद्म भूषण से नवाज़ा गया। पद्म भूषण तीसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान है।

देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न है, जो 2019 के बाद से किसी को नहीं दिया गया है।

कुल सात व्यक्तियों को पद्म विभूषण, 10 को पद्म भूषण और 101 को पद्मश्री से सम्मानित किया गया है।

असम के सामाजिक कार्यकर्ता लखीमी बरुआ, हरियाणा के कुरुक्षेत्र के हिंदी साहित्यकार प्रोफेसर जय भगवान गोयल, राजस्थान के मांगणियार लोक गायक लाखा खान, कर्नाटक संगीत की गायिका बॉम्बे जयश्री रामनाथ, देहरादून के वरिष्ठ आर्थोपेडिक सर्जन भूपेंद्र कुमार सिंह संजय और श्रीनगर से हिंदी के प्रसिद्ध प्राध्यापक एवं पत्रकार चमन लाल सप्रू को पद्म श्री पुरस्कार से नवाजा गया।

पूर्व केंद्रीय मंत्री बिजॉय चक्रवर्ती, राजस्थान के पाली लेखक अर्जुन सिंह शेखावत, संस्कृत व्याकरण के आचार्य रामयत्न शुक्ला, दिल्ली के सामाजिक कार्यकर्ता जितेंद्र सिंह शंटी, स्टीपलचेज एथलीट सुधा सिंह, बिहार की वरिष्ठ हिंदी लेखिका मृदुला सिन्हा (मरणोपरांत), कोयंबटूर के ‘गियर मैन’ उद्योगपति पी सुब्रमण्यम (मरणोपरांत), पश्चिम बंगाल की सामाजिक कार्यकर्ता गुरु मां कमली सोरेन और भोपाल के आदिवासी लोक संस्कृति के विद्वान कपिल तिवारी को भी पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

भारत के प्रमुख ड्वॉर्फ पैरा एथलीट के वाई वेंकटेश और बांग्लादेश मुक्ति संग्राम में अहम भूमिका निभाने वाले लेफ्टिनेंट कर्नल काज़ी सज्जाद अली ज़हीर को भी पद्म श्री से सम्मानित किया गया।

पद्म पुरस्कारों के माध्यम से सरकार, कला, साहित्य और शिक्षा, खेल, चिकित्सा, सामाजिक कार्य, विज्ञान और इंजीनियरिंग, जनसेवा, लोक सेवा, व्यापार तथा उद्योग जैसे विभिन्न क्षेत्रों में "विशिष्ट कार्य" को मान्यता देती है।

पद्म पुरस्कार तीन श्रेणियों- पद्म विभूषण, पद्म भूषण, पद्म श्री- में दिए जाते हैं। इसकी घोषणा प्रति वर्ष गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर की जाती है।

पद्म विभूषण असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए, पद्म भूषण उच्च श्रेणी की विशिष्ट सेवा के लिए और पद्म श्री किसी भी क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिए दिया जाता है।

केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार 2014 से पद्म पुरस्कारों से कई " गुमनाम नायकों" को सम्मानित कर रही है, जो विभिन्न तरीकों से समाज में योगदान देते रहे हैं।

वर्ष 2020 में चयनित किए गए लोगों को पद्म पुरस्कार प्रदान करने के लिए सोमवार को दो अलग-अलग समारोह आयोजित किए गए थे क्योंकि पिछले साल कोविड-19 महामारी के कारण समारोह आयोजित नहीं किया जा सका था।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Late singers SP Balasubramaniam, Tarun Gogoi and Sumitra Mahajan honored with Padma Awards

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे