वे मूर्ख हैं जो ये बात फैलाते हैं, तेजस्वी को RJD अध्यक्ष बनाए जाने के सवाल पर बोले लालू यादव
By अनिल शर्मा | Updated: February 5, 2022 10:56 IST2022-02-05T10:38:27+5:302022-02-05T10:56:11+5:30
बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने शुक्रवार को उन अटकलों को खारिज कर दिया कि उनके पति और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के संस्थापक लालू प्रसाद अगले सप्ताह यहां पार्टी के एक कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद छोड़ देंगे।

वे मूर्ख हैं जो ये बात फैलाते हैं, तेजस्वी को RJD अध्यक्ष बनाए जाने के सवाल पर बोले लालू यादव
पटनाः दिल और गुर्दे सहित कई बीमारियों से जूझ रहे राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के संस्थापक लालू प्रसाद यादव के पार्टी अध्यक्ष का पद छोड़ने की अटकलें मीडिया में लगातार लगाई जा रही हैं। कहा गया कि लालू यादव पार्टी अध्यक्ष पद से इस्तीफा देकर इसकी बागडोर अपने छोटे बेटे तेजस्वी यादव के हाथों सौंप देंगे। लेकिन इस बीच लालू प्रसाद यादव ने खुद सामने से इन बातों से साफ इनकार कर दिया।
लालू प्रसाद यादव ने इस बाबत पूछे गए सवाल पर काफी नाराजगी जताई। तेजस्वी यादव को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के सवाल पर राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने कहा कि वो मूर्ख लोग हैं जो ये बात फैलाते हैं। राजद अध्यक्ष ने कहा कि आगे क्या होगा ये पता चल जाएगा।
वो मूर्ख लोग हैं जो ये बात फैलाते हैं, क्या होगा ये पता चल जाएगा: तेजस्वी यादव को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के सवाल पर राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव (4.2.22) pic.twitter.com/PFa8ERcvqW
— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 5, 2022
इससे पहले बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने शुक्रवार को उन अटकलों को खारिज कर दिया कि उनके पति और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के संस्थापक लालू प्रसाद अगले सप्ताह यहां पार्टी के एक कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद छोड़ देंगे। राबड़ी देवी से मीडिया के एक हिस्से में आईं उन खबरों के बारे में पूछा गया था कि क्या प्रसाद अपने छोटे बेटे तेजस्वी यादव को पार्टी की बागडोर सौंप सकते हैं।
पत्रकारों के सवालों पर राबड़ी ने कहा ‘‘झूठी खबरें चलाई जा रही हैं।’’ प्रसाद, आजकल ज्यादातर समय राष्ट्रीय राजधानी में अपने दिल और गुर्दे से संबंधित कई बीमारियों के लिए सख्त चिकित्सकीय देखरेख में बिताते हैं। उनके पार्टी के कार्यक्रम के लिए आने की उम्मीद है। खराब स्वास्थ्य के कारण तथा चारा घोटाला के एक और मामले में फिर से जेल की सजा होने की स्थिति में प्रसाद के राजद अध्यक्ष का पद छोड़ने की अटकलें लग रही हैं।
रांची में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की एक अदालत डोरंडा कोषागार से गबन मामले में इस महीने फैसला सुनाने वाली है। प्रसाद के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने भी अटकलों को खारिज किया। राजद विधायक तेजप्रताप ने कहा, ‘‘वह (लालू) राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और रहेंगे।’’ तेजस्वी यादव राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता हैं और 2020 के विधानसभा चुनावों में राजद के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार थे।