लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी ने अपने मामा साधु यादव को बता दिया कंस! ट्वीट कर कही ये बात
By एस पी सिन्हा | Updated: November 7, 2022 18:05 IST2022-11-07T16:00:20+5:302022-11-07T18:05:33+5:30
रोहिणी आचार्य ने एक ट्वीट कर साधु यादव पर तंज कसते हुए उन्हें कंस मामा बताया है। उन्होंने कहा कि इस बार तो कंस मामा श्री कृष्ण के प्रकोप से बच गए लेकिन अगली बार मिट्टी में मिलना तय है।

रोहिणी आचार्य ने साधु यादव पर कसा तंज (फाइल फोटो)
पटना: बिहार विधानसभा उपचुनाव का परिणाम आने के बाद से सियासी माहौल गर्म है। राज्य में जारी सियासी बयानबाजी के बीच उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की बहन रोहिणी आचार्य ने भी अपनी धमक दी है। रोहिणी ने अपने मामा साधु यादव को ’कंस मामा’ बता दिया है।
रोहिणी ने अपने मामा साधु यादव को कंस बताते हुए कहा कि इस बार तो कंस मामा श्री कृष्ण के प्रकोप से बच गए। अगली बार मिट्टी में मिलना तय है। गोपालगंज की जनता का यही संदेश है। बिना बैसाखी ’बी’ टीम के सहारे भाजपा कभी चुनाव नही जीती है बिहार में। तेजस्वी की लोकप्रियता की कुछ ऐसी पहचान बनी है बिहार में।
इस बार तो कंस मामा श्री कृष्ण के प्रकोप से बच गए
— Rohini Acharya (@RohiniAcharya2) November 6, 2022
अगली बार मिट्टी में मिलना तय है गोपालगंज की जनता का यही संदेश है
रोहिणी ने भाजपा पर हमला बोलते हुए आगे लिखा है कि गोपालगंज की जनता ने उन्हें आईना दिखा दिया है। तेजस्वी की आस्था में जो अपना विश्वास जता दिया है। भाजपा की ’बी’ टीम होने के बावजूद भी होने के कांटे की टक्कर देते हुए मामूली अंतर से हारना इस बात का सबूत है कि बिहार की जनता को जुमलेबाज पार्टी से पूरी तरह ऊब चुकी है और आने वाले चुनाव में पूरी दमखम और आस्था के साथ भाजपा को सदा सदा के लिए गोपालगंज ही नहीं पूरे बिहार की पावन भूमि से उखाड़ फेंकेगी।
उल्लेखनीय है कि गोपालगंज तेजस्वी यादव का गृह जिला है। ऐसे में जीत पक्की करने के लिए महागठबंधन ने पूरी ताकत झोंक दी थी। लेकिन कड़े मुकाबले के बाद राजद को हार का सामन करना पड़ा। गोपालगंज में तेजस्वी के मामा साधु यादव और ओवैसी की पार्टी ने पूरा खेल बिगाड़ दिया। सियासी जानकारों का कहना है कि साधु यादव और ओवैसी की पार्टी ने गोपालगंज में राजद को हरा दिया। इसके बाद लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने ट्वीट कर अपने मामा को कंस बताया है।