लक्षद्वीप: इंजन में आग लगने से समुद्र में फंसा जहाज, यात्री सुरक्षित
By भाषा | Updated: December 1, 2021 21:25 IST2021-12-01T21:25:53+5:302021-12-01T21:25:53+5:30

लक्षद्वीप: इंजन में आग लगने से समुद्र में फंसा जहाज, यात्री सुरक्षित
कवरत्ती, एक दिसंबर लक्षद्वीप के कवरत्ती से 16 समुद्री मील दूर एक जहाज बुधवार को इंजन में आग लगने के बाद समुद्र में फंस गया, जिसपर 322 यात्री तथा चालक दल के 85 सदस्य सवार थे। जहाज लक्षद्वीप द्वीपसमूह के एक हिस्से एंड्रोथ द्वीप की ओर जा रहा था। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों ने कहा कि सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं और फंसे हुए जहाज को एंड्रोथ ले जाने के लिये एक अन्य जहाज भेजा गया है। उन्होने कहा कि तटरक्षक पोत ने शाम छह बजकर 15 मिनट पर फंसे जहाज को निकालना शुरू किया और रात को 11 बजे तक इसके किनारे पर पहुंचने की उम्मीद है।
'एमवी कवरत्ती' जहाज मंगलवार को कोच्चि से लक्षद्वीप के लिए निकला था। इसके बाद बुधवार को जब जहाज एंड्रोथ और अन्य द्वीपों की ओर जा रहा था तब यह घटना हुई।
सूत्रों ने कहा कि जब जहाज एंड्रोथ से कुछ घंटों की दूरी पर था, तो इसके इंजन में आग लग गई। हालांकि आग की लपटों को तुरंत बुझा दिया गया, लेकिन यह आगे नहीं बढ़ सका।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।