लखीमपुर खीरी पहुंचे राहुल और प्रियंका गांधी, पीड़ित परिवार के परिजनों से की मुलाकात, सुप्रीम कोर्ट में कल सुनवाई

By सतीश कुमार सिंह | Updated: October 6, 2021 22:30 IST2021-10-06T22:09:05+5:302021-10-06T22:30:09+5:30

लखीमपुर खीरी जाने के लिए लखनऊ हवाई अड्डे पर पहुंचे राहुल गांधी अपने वाहन से जाने की इजाजत नहीं दिए जाने के विरोध में हवाई अड्डा परिसर में कुछ देर के लिए धरने पर बैठ गए थे।

Lakhimpur Kheri Rahul Gandhi, Priyanka reach violence-hit district meet 19-yr-old dead farmer's family | लखीमपुर खीरी पहुंचे राहुल और प्रियंका गांधी, पीड़ित परिवार के परिजनों से की मुलाकात, सुप्रीम कोर्ट में कल सुनवाई

 कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा को सीतापुर में नजरबंदी से रिहा किया गया था। 

Highlightsलोगों को पांच-पांच के समूह में जाने की अनुमति दे दी गई है।कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य को लखीमपुर खीरी जाने की इजाजत दी।हिंसा में 4 किसानों समेत 8 लोगों की जान चली गई थी।

लखीमपुर खीरीः कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, राहुल गांधी और अन्य कांग्रेस नेता सीतापुर पीएसी की दूसरी बटालियन के अतिथिगृह से लखीमपुर खीरी पहुंच गए हैं। राहुल गांधी लखीमपुर खीरी पहुंचे, जहां रविवार को हुई हिंसा में 4 किसानों समेत 8 लोगों की जान चली गई थी।

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का प्रतिनिधिमंडल बुधवार रात यहां पलिया तहसील पहुंचा और उसने रविवार को भड़की हिंसा में मारे गए चार किसानों में से एक किसान लवप्रीत सिंह के परिवार से मुलाकात की।

कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस नेता किसान के चौखड़ा फार्म स्थित आवास पहुंचे, जहां उन्होंने शोक संतप्त परिवार से बात की और उनके प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। इस प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के अलावा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी शामिल हैं। इस प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा भी शामिल हैं।

लखीमपुर खीरी हिंसा पर सुप्रीम कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया है। मुख्य न्यायाधीश एनवी रमना और न्यायमूर्ति सूर्यकांत और न्यायमूर्ति हिमा कोहली की पीठ कल मामले की सुनवाई करेगी। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी अमन कश्यप के परिवार वालों से मिलने निघासन जाएंगे, वहां से वे नछत्तर सिंह के परिजनों से मिलने धौरहरा जाएंगे।

गौरतलब है कि प्रियंका गांधी और पार्टी के कुछ अन्य नेताओं को पीएसी परिसर में हिरासत में रखा गया था। सीतापुर से राहुल अपनी बहन प्रियंका के साथ एक वाहन में जबकि कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल और रणदीप सुरजेवाला दूसरे वाहन में रवाना हुए। काफिले में शामिल तीसरे वाहन में पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल हैं।

इस बीच सीतापुर के उप जिलाधिकारी (सदर) प्यारेलाल मौर्य ने बताया कि प्रियंका गांधी को हिरासत से छोड़ दिया गया है। इससे पहले राहुल गांधी आज दिन में लखनऊ से सीतापुर स्थित पीएसी की दूसरी बटालियन पहुंचे थे।

Web Title: Lakhimpur Kheri Rahul Gandhi, Priyanka reach violence-hit district meet 19-yr-old dead farmer's family

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे