Kuno National Park Cheetah: बधाई हो?, कुनो राष्ट्रीय उद्यान में मादा चीता ‘वीरा’ ने 2 शावकों को जन्म दिया
By सतीश कुमार सिंह | Published: February 4, 2025 03:20 PM2025-02-04T15:20:37+5:302025-02-04T16:01:31+5:30
Kuno National Park Cheetah: सितंबर 2022 में केएनपी में शामिल होने के बाद से भारतीय धरती पर नामीबियाई और दक्षिण अफ्रीकी चीतों के कई शावक पैदा हुए हैं।

Kuno National Park Cheetah
Kuno National Park Cheetah: मध्य प्रदेश के कुनो नेशनल पार्क (केएनपी) में लाए गए अफ्रीकी चीतों में से ‘वीरा’ ने दो शावकों को जन्म दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने माइक्रो-ब्लॉगिंग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि कुनो में खुशियां आ गई। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के कुनो राष्ट्रीय उद्यान (केएनपी) में मादा चीता वीरा ने मंगलवार को दो शावकों को जन्म दिया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने यह जानकारी दी। इन शावकों के जन्म के साथ ही उद्यान में अब चीतों की संख्या 26 हो गयी है, जिनमें 14 शावक शामिल हैं।
नन्हें चीतों की किलकारी से फिर गूंजा कूनो.. मध्यप्रदेश की 'जंगल बुक' में 2 चीता शावकों की दस्तक...
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) February 4, 2025
मुझे यह जानकारी साझा करते हुए अत्यंत आनंद की अनुभूति हो रही है कि मध्यप्रदेश की धरती पर चीतों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। आज मादा चीता वीरा ने 2 नन्हें शावकों को जन्म… pic.twitter.com/fCs01pIOtP
यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “मध्यप्रदेश की ‘जंगल बुक’ में दो चीता शावक शामिल हुए हैं। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि राज्य में चीतों की संख्या लगातार बढ़ रही है। आज मादा चीता वीरा ने दो शावकों को जन्म दिया है।” उन्होंने चीता परियोजना में शामिल अधिकारियों, चिकित्सकों और कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि उनके (अधिकारियों, चिकित्सकों और कर्मियों से) अथक परिश्रम के परिणामस्वरूप मध्य प्रदेश को ‘चीतों की भूमि’ के रूप में भी जाना जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में चीतों की संख्या में वृद्धि के साथ ही राज्य में पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है और रोजगार के नए द्वार खुल रहे हैं। उन्होंने कहा, “हम चीतों के साथ-साथ सभी वन्यजीवों के संरक्षण, संवर्धन और पुनरुद्धार के लिए हमेशा तत्पर हैं।” मध्य प्रदेश की धरती पर शावकों का स्वागत है। प्रदेशवासियों को शावकों के आगमन पर हार्दिक बधाई है।