कोविड-19 : रोजाना नये मामलों की तुलना में रोजाना ठीक होने वालों की संख्या अधिक

By भाषा | Updated: December 30, 2020 15:44 IST2020-12-30T15:44:35+5:302020-12-30T15:44:35+5:30

Kovid-19: Number of people who get cured daily as compared to new cases every day | कोविड-19 : रोजाना नये मामलों की तुलना में रोजाना ठीक होने वालों की संख्या अधिक

कोविड-19 : रोजाना नये मामलों की तुलना में रोजाना ठीक होने वालों की संख्या अधिक

नयी दिल्ली, 30 दिसंबर देश में कोविड-19 संक्रमण से ठीक होने वाले लोगों की संख्या पिछले 33 दिनों से नये मामलों की तुलना में अधिक है। यह जानकारी बुधवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने दी।

इसने कहा कि 24 घंटे में देश में कोरोना वायरस से 20,549 लोग संक्रमित पाए गए। इसी दौरान 26,572 संक्रमित लोग ठीक हुए जिससे उपचाररत मरीजों की संख्या में कमी आई।

मंत्रालय ने कहा, ‘‘भारत में अभी तक 98,34,141 व्यक्ति संक्रमण से उबर चुके हैं। यह पूरी दुनिया में सर्वाधिक संख्या है। ठीक होने की दर भी करीब 96 फीसदी पहुंच गई है।’’

मंत्रालय ने कहा, ‘‘ठीक होने वालों और उपचाराधीन मरीजों के बीच का अंतर लगातार बढ़ रहा है।’’

भारत में उपचाररत मरीजों की संख्या 2,62,272 है जो कुल मामलों का महज 2.56 फीसदी है।

वैश्विक स्तर पर तुलना करने पर भारत में प्रति दस लाख की आबादी पर संक्रमण के मामले पूरी दुनिया में सबसे कम (7423) है। रूस, इटली, ब्राजील, फ्रांस और अमेरिका जैसे देशों में प्रति दस लाख की आबादी पर मामले काफी ज्यादा हैं।

नये मामलों में 78 फीसदी से अधिक मामले, दस राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में केंद्रित हैं।

महाराष्ट्र में एक दिन में सबसे अधिक, 5572 मरीज ठीक हुए हैं। केरल में 5029 संक्रमित ठीक हुए हैं जबकि छत्तीसगढ़ में 1607 व्यक्ति ठीक हुए हैं।

मंत्रालय ने बताया कि नये मामलों में 79.24 फीसदी मामले दस राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से हैं।

केरल में एक दिन में सर्वाधिक नए 5,887 मामले, महाराष्ट्र में 3018 नए मामले जबकि पश्चिम बंगाल में 1244 नए मामले सामने आए।

पिछले 24 घंटे में 286 लोगों की मौत हुई है।

अधिकतर लोगों की मौत दस राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों में हुई। महाराष्ट्र में सबसे अधिक 68 लोगों की मौत हुई है। पश्चिम बंगाल और दिल्ली में क्रमश: 30 और 28 लोगों की मौत हुई है।

भारत में कोविड-19 से रोजाना मौत की संख्या में लगातार कमी हो रही है। भारत में प्रति दस लाख की आबादी पर मौत का आंकड़ा 107 है जो पूरी दुनिया में सबसे कम है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Kovid-19: Number of people who get cured daily as compared to new cases every day

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे