लाइव न्यूज़ :

कोविड-19 : केरल, तमिलनाडु में लॉकडाउन, पूर्वोत्तर के राज्यों ने भी कड़े किए प्रतिबंध

By भाषा | Updated: May 8, 2021 22:26 IST

Open in App

नयी दिल्ली, आठ मई देश के दक्षिणी राज्यों के भी कोविड-19 की दूसरी लहर की चपेट में आने के बीच केरल में शनिवार सुबह से पूर्ण लॉकडाउन लागू हो गया, जबकि तमिलनाडु में भी 10 मई से दो सप्ताह का ‘‘पूर्ण’’ लॉकडाउन लग जाएगा।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने शुक्रवार को घोषणा की थी कि राज्य में 10 मई से 24 मई तक लॉकडउन जैसे कड़े प्रतिबंध लागू होंगे।

केरल सरकार ने नौ दिन का पूर्ण लॉकडाउन लगाने का निर्णय किया है क्योंकि पूर्व में लगाए गए सप्ताहांत प्रतिबंध संक्रमण के मामलों में वांछित कमी लाने में विफल रहे।

मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन ने कहा कि राज्य दूसरी लहर में अधिक चुनौतियों का सामना कर रहा है।

राज्य सरकार के अनुसार केरल में शनिवार को संक्रमण के 41,971 नए मामले सामने आए जिससे राज्य में महामारी के कुल मामलों की संख्या 18,66,827 हो गई है। वहीं, संक्रमण से 64 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या 5,746 हो गई है। केरल में वर्तमान में उपचाराधीन मामलों की संख्या 4.17 लाख है।

केरल में आवश्यक सेवाओं को लॉकडाउन से छूट दी गई है और लोगों को अनावश्यक रूप से बाहर निकलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है।

राज्य में सभी बड़े मंदिर हैं। सभी सीमाओं पर पुलिस कड़ी निगरानी रख रही है और केवल मालवाहक वाहनों तथा अधिकारियों से अनुमति प्राप्त वाहनों को ही जांच चौकियों से गुजरने दिया जा रहा है।

वहीं, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने कहा कि राज्य में संक्रमण के रोजाना लगभग 25 हजार मामले सामने आने के कारण पूर्ण लॉकडाउन लगाने की जरूरत महसूस हुई।

उन्होंने कहा, ‘‘बीमारी के प्रसार को रोकने के प्रयासों को और मजबूत करने के लिए 10 मई सुबह चार बजे से 24 मई सुबह चार बजे तक पूर्ण लॉकडाउन लागू रहेगा।’’

पुडुचेरी में पहले की 10 मई तक के लिए लॉकडाउन लागू है।

आंध्र प्रदेश ने छह मई से दो सप्ताह के लिए कर्फ्यू के साथ आंशिक लॉकडाउन की घोषणा की थी। राज्य ने पहले रात्रि कर्फ्यू लगाया था। तेलंगाना ने रात्रि कर्फ्यू को 15 मई तक के लिए बढ़ा दिया है।

महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में बड़ी संख्या में उपचाराधीन मामले हैं। महाराष्ट्र में यह आंकड़ा सर्वाधिक 6.57 लाख मामलों का है।

आंध्र प्रदेश, गुजरात, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, हरियाणा और बिहार में भी बड़ी संख्या में उपचाराधीन मामले हैं।

कई राज्य पहले ही लॉकडाउन या कोरोना कर्फ्यू जैसे कदमों की घोषणा कर चुके हैं।

पूर्वोत्तर के राज्यों में मिजोरम सरकार 10 मई से सात दिन के पूर्ण लॉकडाउन की घोषणा कर चुकी है, जबकि सिक्किम ने 16 मई तक लॉकडाउन जैसे प्रतिबंध लगाए हैं।

दिल्ली में 19 अप्रैल से लॉकडाउन है। पिछली बार इसे 10 मई तक के लिए बढ़ाया गया था। हरियाणा में तीन मई से सात दिन का लॉकडाउन है। इससे पहले राज्य के नौ जिलों में सप्ताहांत कर्फ्यू लगाया गया था।

बिहार में चार मई से 15 मई तक लॉकडाउन है। उत्तर प्रदेश ने सप्ताहांत लॉकडाउन की अवधि 10 मई सुबह सात बजे तक के लिए बढ़ा दी है। ओडिशा में पांच से 19 मई तक का लॉकडाउन है।

वहीं, राजस्थान ने 10 से 14 मई तक सख्त लॉकउाउन लगाने का फैसला किया है। झारखंउ ने लॉकडाउन जैसे प्रतिबंध 13 मई तक बढ़ा दिए हैं। छत्तीसगढ़ ने सप्ताहांत लॉकडाउन की घोषणा की है।

पंजाब ने 15 मई तक के लिए सप्ताहांत लॉकडाउन और रात्रि कर्फ्यू जैसे कदमों की घोषणा की है। चंडीगढ़ प्रशासन ने भी सप्ताहांत लॉकडाउन लगा रखा है।

मध्य प्रदेश में 15 मई तक ‘जनता कर्फ्यू’ लागू है।

इसके अलावा गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, पश्चिम बंगाल, असम, नगालैंड, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, और सिक्किम में लॉकडाउन या रात्रि कर्फ्यू जैसे प्रतिबंध लागू हैं।

जम्मू कश्मीर ने चार जिलों में 10 मई तक लॉकडाउन बढ़ा दिया है और सभी 20 जिलों के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में रात्रि कर्फ्यू जारी रहेगा।

उत्तराखंड ने भी कई तरह के प्रतिबंध लगाए हैं। हिमाचल प्रदेश ने सात से 16 मई तक लॉकडाउन या ‘कोरोना कर्फ्यू’ लागू किया है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

क्रिकेटधर्मशाला में लय हासिल करेंगे उपकप्तान गिल?, 1-1 से बराबर सीरीज, बढ़त लेने उतरेंगे भारत-दक्षिण अफ्रीका खिलाड़ी, कब और कहां देखें लाइव स्कोर

क्रिकेटIND vs PAK, U19 Asia Cup: दुबई में पाकिस्तान से भिड़ेगी भारतीय युवा टीम, मैच कब, कहाँ और कैसे देखें?

भारतवोटर लिस्ट से नाम गायब, केरल हाईकोर्ट का रुख करने वाली कांग्रेस उम्मीदवार वैश्ना एसएल ने मारी बाजी, 300 से अधिक मत से जीत

भारततिरुवनंतपुरम नगर निगमः 45 साल से कब्जा, वामपंथी दल पस्त?, पीएम मोदी ने लिखा-भाजपा-राजग को मिला जनादेश केरल की राजनीति में ऐतिहासिक क्षण, पढ़िए पोस्ट

भारतकर्नाटक कांग्रेस सरकारः 6 जनवरी को सीएम बनेंगे शिवकुमार, मुख्यमंत्री सिद्धरमैया की जगह लेंगे?, विधायक इकबाल हुसैन ने संभावना व्यक्त की

भारत अधिक खबरें

भारतराजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव की जब्त अवैध संपत्तियों को सीज कर सरकारी स्कूल खोलेगे?, सम्राट चौधरी ने किया ऐलान, सूबे की सियासत तेज

भारतकौन हैं पंकज चौधरी?, भूपेंद्र सिंह चौधरी की जगह होंगे यूपी बीजेपी अध्यक्ष?, 2027 विधानसभा प्रमुख लक्ष्य रहेगा

भारतमध्यप्रदेश: अटल जी की 100वीं जन्म जयंती पर शून्य से शतक कार्यक्रम 21 को, उपराष्ट्रपति, राज्यपाल और मुख्यमंत्री करेंगे शिरकत

भारतVIDEO: थलसेना प्रमुख ने अधिकारियों के साथ किए पुशअप्स, देखें वीडियो

भारतKerala Local Body Election Results Updates: 2026 विधानसभा चुनाव से पहले वाम दल फुस्स?, यूडीएफ को बड़ी राहत, तिरुवनंतपुरम सांसद शशि थरूर के 'घर' में भाजपा मेयर