केरल राजमार्ग लूटपाट मामला : पुलिस ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के. सुरेन्द्रन को पेश होने को कहा
By भाषा | Updated: July 3, 2021 00:42 IST2021-07-03T00:42:00+5:302021-07-03T00:42:00+5:30

केरल राजमार्ग लूटपाट मामला : पुलिस ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के. सुरेन्द्रन को पेश होने को कहा
त्रिशूर (केरल), दो जुलाई केरल पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष के. सुरेंद्रन को शुक्रवार को नोटिस जारी कर उन्हें त्रिशूर जिले के कोडकारा में राजमार्ग लूटपाट मामले की जांच कर रही पुलिस की टीम के समक्ष पेश होने को कहा। इस मामले को लेकर राज्य के भाजपा नेतृत्व पर हवाला से जुड़े होने के आरोप लगाए जा रहे हैं।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने कोझिकोड जिले में सुरेन्द्रन के आवास पर नोटिस देकर उन्हें छह जुलाई को त्रिशूर में पुलिस की जांच टीम के समक्ष पेश होने को कहा है। पुलिस जब उनके घर पहुंची तो वह मौजूद नहीं थे।
वहीं, भाजपा ने सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) पर सत्ता का दुरुपयोग कर भाजपा और उसके प्रदेश अध्यक्ष को निशाना बनाने का आरोप लगाया है।
भाजपा ने एक फेसबुक पोस्ट में लिखा, " भारतीय जनता पार्टी मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और सत्तारूढ़ वामपंथियों को सुरेन्द्रन को निशाना बनाने की अनुमति नहीं देगी।"
दरअसल, शमजीर समसुद्दीन नामक व्यक्ति द्वारा सात अप्रैल को दर्ज कराई गई एक शिकायत के मुताबिक, एक गिरोह ने त्रिशूर जिले के कोडकारा फ्लाईओवर पर उनकी कार को रोका और कार में रखे 25 लाख रुपये लूट लिए। उस समय वह कोझिकोड से कोच्चि जा रहे थे।
हालांकि शिकायत में कहा गया था कि केवल 25 लाख रुपये की लूटपाट हुई थी, बाद में जांचकर्ताओं ने पाया कि वास्तविक धन राशि लगभग 3.5 करोड़ रुपये तक हो सकती है और यह एक 'हवाला' लेन-देन था। पुलिस ने इस मामले में अब तक 21 लोगों को गिरफ्तार किया है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।