VIDEO: केरल बाढ़ में फंसी गर्भवती महिला की सेना ने इस तरह बचाई जान, 324 लोगों की मौत
By पल्लवी कुमारी | Updated: August 17, 2018 19:31 IST2018-08-17T19:31:01+5:302018-08-17T19:31:27+5:30
केरल में करीब एक सदी में आयी इस प्रलयंकारी बाढ़ में आठ अगस्त के बाद से अब तक 324 लोगों की मौत हो गई है।

VIDEO: केरल बाढ़ में फंसी गर्भवती महिला की सेना ने इस तरह बचाई जान, 324 लोगों की मौत
तिरुवनंतपुरम, 17 अगस्त: केरल में बारिश से आई बाढ़ से समूचा राज्य प्रभावित है। शुक्रवार महज एक दिन में 100 से अधिक लोगों की मौत हो गयी। तमाम केंद्रीय और राज्य संस्थाएं राहत और बचाव कार्य में लगातार लगी हुई हैं। करीब एक सदी में आयी इस प्रलयंकारी बाढ़ में आठ अगस्त के बाद से अब तक 324 लोगों की मौत हो गई है।
इस बीच इंडियन नेवी ने एक विडियो जारी किया है, जिसमें देखा जा सकता है कि नेवी का एक हेलिकॉप्टर एक गर्भवती महिला को किस कदर बचा रहा है। वह महिला बाढ़ में फंसी थी। जानकारी के मुताबिक, महिला की मदद के लिए डॉक्टर को भी नीचे उतारा गया था।
विडियो में देखा जा सकता है कि महिला की मदद के लिए हेलिकॉप्टर से रस्सी लटकाई जाती है, जिसे महिला की कमर से ऊपर बांध दिया जाता है और धीरे-धीरे उन्हें ऊपर खींच लिया जाता है। इस दौरान महिला के गर्भाशय से लगा वॉटर बैग भी लीक हो गया था। बाद में महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया। जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित है।
A pregnant lady with water bag leaking has been airlifted and evacuated to Sanjivani. Doctor was lowered to assess the lady. Operation successful #OpMadad#KeralaFloodRelief#KeralaFloods2018pic.twitter.com/bycGXEBV8q
— SpokespersonNavy (@indiannavy) August 17, 2018
बता दें कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) कर्मियों के अलावा सेना, नौसेना, वायुसेना के कर्मियों ने बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित इलाकों में अपने-अपने घरों की छतों, ऊंचे स्थानों पर फंसे लोगों को निकालने का बड़ा कार्य शुरू किया। ऊंचाई वाले इलाकों में पहाड़ों के दरकने के कारण चट्टानों के टूटकर नीचे सड़क पर गिरने से सड़कें अवरुद्ध हो गयीं जिससे वहां रहने वालों और गांवों में बचे लोगों का संपर्क बाकी की दुनिया से कट गया। ये गांव आज किसी द्वीप में तब्दील हो गये हैं।
महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों समेत सैकड़ों लोग ऐसी जगहों पर फंसे हैं जहां नौका से पहुंच पाना मुश्किल है। उन लोगों को रक्षा मंत्रालय के हेलीकॉप्टर की मदद से निकाला गया और सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका और ब्रिटेन में रह रहे प्रवासी केरलवासी अपने-अपने प्रियजन की मदद की खातिर टीवी चैनलों के माध्यम से अधिकारियों से गुहार लगा रहे हैं।
(भाषा इनपुट)