केरल के मुख्यमंत्री ने गिरजाघर विवाद को सुलझाने के लिए प्रधानमंत्री के प्रयासों का स्वागत किया
By भाषा | Updated: December 29, 2020 21:37 IST2020-12-29T21:37:37+5:302020-12-29T21:37:37+5:30

केरल के मुख्यमंत्री ने गिरजाघर विवाद को सुलझाने के लिए प्रधानमंत्री के प्रयासों का स्वागत किया
त्रिशूर, 29 दिसंबर केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने मंगलवार को मलंकारा गिरजाघर से संबंधित दो धड़ों के बीच करीब 1000 गिरजाघरों एवं उनकी संपत्ति को लेकर हुए विवाद को सुलझाने के लिए की गई चर्चा की पहल को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों का स्वागत किया।
इस मामले में सवाल किए जाने पर विजयन ने संवाददाताओं से कहा, '' मलंकारा गिरजाघर से संबंधित दो धड़ों के बीच विवाद एक गंभीर मसला है, जिसके चलते कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। इस मामले में हस्तक्षेप करने और कोई हल निकालने के मद्देनजर किए गए प्रधानमंत्री के निर्णय का हम स्वागत करते हैं।''
उन्होंने कहा, '' मुझे नहीं लगता की प्रधानमंत्री के हस्तक्षेप में किसी तरह की राजनीति शामिल है।''
गिरजाघर के एक धड़े ने सोमवार को जबकि दूसरे ने मंगलवार को नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है। दोनों धड़े विजयन से भी पूर्व में चर्चा कर चुके हैं।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।