केरल : छह साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार
By भाषा | Updated: July 5, 2021 20:40 IST2021-07-05T20:40:31+5:302021-07-05T20:40:31+5:30

केरल : छह साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार
इडुक्की, पांच जुलाई केरल के इडुक्की जिले में छह साल की बच्ची के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या करने के आरोप में पुलिस ने सोमवार को एक 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी अर्जुन पीड़ित बच्ची का पड़ोसी था। पूछताछ के दौरान उसके बयान पर संदेह होने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बच्ची 30 जून को अपने घर में फांसी पर लटकी हुई पाई गयी थी। उस समय बच्ची के माता-पिता एक नजदीकी बागान में काम करने के लिए घर से बाहर गए थे।
पुलिस ने शुरुआत में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया था, लेकिन बाद में शव की जांच में पता चला कि बच्ची की हत्या करने से पहले उसके साथ दुष्कर्म किया गया था।पुलिस ने पीटीआई-भाषा से कहा, " जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि आरोपी ने बच्ची के साथ पहले भी कई बार दुष्कर्म किया था। 30 जून को दुष्कर्म का प्रयास करने के दौरान बच्ची बेहोश हो गयी। आरोपी ने बच्ची को मृत समझकर फांसी पर लटका दिया।" पुलिस के मुताबिक आरोपी अर्जुन बच्ची के अंतिम संस्कार के समय उसके परिवार के साथ मौजूद था।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।