झूठ, भ्रम की राजनीति कर रहे हैं केजरीवाल: भाजपा

By भाषा | Updated: December 8, 2020 21:18 IST2020-12-08T21:18:25+5:302020-12-08T21:18:25+5:30

Kejriwal is doing politics of lies, confusion: BJP | झूठ, भ्रम की राजनीति कर रहे हैं केजरीवाल: भाजपा

झूठ, भ्रम की राजनीति कर रहे हैं केजरीवाल: भाजपा

नयी दिल्ली, आठ दिसंबर भाजपा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को नजरबंद किए जाने के आम आदमी पार्टी (आप) के आरोपों के मद्देनजर मंगलवार को उन्हें आड़े हाथों लिया और कहा कि वह झूठ और भ्रम की राजनीति कर रहे हैं।

दिल्ली पुलिस द्वारा केजरीवाल को नजरबंद किए जाने के आरोपों के खंडन के बाद पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने दिल्ली के मुख्यमंत्री को अपने आवास से बाहर निकलने की चुनौती दी ताकि जनता देखे कि क्या पुलिस उन्हें ऐसा करने से रोकती है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के आरोपों में तनिक भी सच्चाई होती तो उसके नेता अब तक हजारों तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर चुके होते और अदालतों के अलावा संयुक्त राष्ट्र तक शिकायत कर चके होते।

भाटिया ने कहा, ‘‘अरविंद केजरीवाल को ना तो हिरासत में लिया गया है ना ही उन्हें नजरबंद किया गया है। केजरीवाल तो उस राजनीति के लिए जाने जाते हैं कि अगर छोटी सी भी कोई घटना हो जाती है तो वह वीडियो बनाकर ट्वीट करते हैं। अब तक तो संयुक्त राष्ट्र संघ में उन्होंने शिकायत कर दी होती।’’

उन्होंने कहा, ‘मैं चुनौती देता हूं उन्हें। अभी आपके घर के बाहर कैमरा होंगे। निकलिए। पूरी दिल्ली को देखने दीजिए। दूध का दूध, पानी का पानी हो जाए।’’

केजरीवाल पर ‘‘झूठ और भ्रम’’ की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि उनका ये चरित्र बन गया है कि झूठ बोलों, वो झूठ पकड़ा जाए, तो दूसरे पर चले जाओ।

उन्होंने कहा, ‘‘आज सुबह से आम आदमी पार्टी और उसके नेता झूठ भी बोल रहे हैं, अनर्गल बयान भी दे रहे हैं और धोखे एवं फरेब की राजनीति कर रहे हैं।’’

विपक्षी दलों द्वारा किसानों के भारत बंद का समर्थन किए जाने संबंधी एक सवाल पर भाटिया ने कहा कि मोदी सरकार किसानों की सबसे बड़ी हितैषी है।

इससे पहले, आम आदमी पार्टी ने आज आरोप लगाया था कि सिंघु बॉर्डर पर केन्द्र के नए कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों से मिलने के बाद से केजरीवाल को दिल्ली पुलिस ने नजरबंद कर दिया है।

केजरीवाल ने सिंघु बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे किसानों से सोमवार को मुलाकात की थी।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Kejriwal is doing politics of lies, confusion: BJP

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे