उगादी के बाद कर्नाटक में नया मुख्यमंत्री होगा: भाजपा विधायक यतनाल
By भाषा | Updated: January 30, 2021 20:43 IST2021-01-30T20:43:10+5:302021-01-30T20:43:10+5:30

उगादी के बाद कर्नाटक में नया मुख्यमंत्री होगा: भाजपा विधायक यतनाल
बेंगलुरु, 30 जनवरी भाजपा के वरिष्ठ विधायक बासनगौड़ा पाटिल यतनाल ने शनिवार को एक बार फिर कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन के कयास को बल देते हुए कहा कि नया मुख्यमंत्री 13 अप्रैल को उगादी के बाद पदभार संभालेगा। उगादी के दिन राज्य में नया साल मनाया जाता है।
पिछले कुछ समय से मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा की खुले तौर पर आलोचना करने वाले बीजापुर शहर के विधायक ने यह भी संकेत दिया कि नए मुख्यमंत्री राज्य के उत्तरी भाग से होंगे।
यतनाल ने विजयपुरा में संवाददाताओं से कहा, “मुझे यहाँ हाथ फैलाकर मंत्री पद नहीं मांगना पडे़गा। मैंने कहा है कि हमारा अपना व्यक्ति (मुख्यमंत्री) आएगा जो उन्हें मंत्री का पद दे सकता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने कहा है कि उत्तर कर्नाटक का कोई व्यक्ति आएगा... यह होगा ... प्रतीक्षा करें और देखें।"
पूर्व केंद्रीय मंत्री पिछले कुछ समय से येदियुरप्पा और उनकी कार्यशैली के खिलाफ बार-बार बोल रहे हैं।
उन्होंने अक्टूबर में कहा था कि येदियुरप्पा लंबे समय तक मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे और आलाकमान ने तय किया है कि उनका उत्तराधिकारी उत्तर कर्नाटक क्षेत्र से होगा।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।