कर्नाटक चुनाव: भाजपा की 189 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी, लिस्ट में 52 नए चेहरे, सीएम बोम्मई इस सीट से ठोकेंगे ताल
By रुस्तम राणा | Updated: April 11, 2023 22:22 IST2023-04-11T22:20:25+5:302023-04-11T22:22:18+5:30
189 उम्मीदवारों में से 52 नए उम्मीदवारों को पहली बार टिकट मिला है। सूची में ओबीसी से 32, एससी से 20 और एसटी समुदाय से 16 उम्मीदवार हैं।

कर्नाटक चुनाव: भाजपा की 189 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी, लिस्ट में 52 नए चेहरे, सीएम बोम्मई इस सीट से ठोकेंगे ताल
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को आगामी कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए अपने 189 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। भाजपा ने नई दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में एक प्रेस वार्ता में सूची की घोषणा की। 189 उम्मीदवारों में से 52 नए उम्मीदवारों को पहली बार टिकट मिला है। सूची में ओबीसी से 32, एससी से 20 और एसटी समुदाय से 16 उम्मीदवार हैं। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने घोषणा की कि मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई शिगगांव निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे।
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के बेटे बी वाई विजयेंद्र शिकारीपुरा सीट से चुनाव लड़ेंगे। राज्य के मंत्री बी श्रीरामुलु बेल्लारी ग्रामीण निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। चिक्काबल्लापुर सीट से राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ सुधाकर के. चुनाव लड़ेंगे। राज्य के मंत्री डॉ. अश्वथनारायण सीएन मल्लेश्वरम सीट से चुनाव लड़ेंगे।
कर्नाटक के मंत्री आर अशोक पद्मनाभनगर और कनकपुरा की दो सीटों से चुनाव लड़ेंगे। अशोक को कनकपुरा से कर्नाटक कांग्रेस प्रमुख डीके शिवकुमार के खिलाफ खड़ा किया जाएगा। भाजपा के रमेश जरकीहोली को उनकी पारंपरिक सीट गोकक से उतारा गया है, जबकि विधानसभा अध्यक्ष विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी सिरसी से चुनाव लड़ रहे हैं।
भगवा पार्टी ने वरुणा से वी सोमन्ना को मैदान में उतारा है, जो पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज सिद्धारमैया के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने रविवार को मुलाकात की थी और उसके बाद से राज्य के नेताओं सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने बैठक में दिए गए सुझावों को शामिल करके सूची को अंतिम रूप देने के लिए चर्चा की, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाग लिया।
BJP releases a list of 189 candidates for the upcoming #KarnatakaElections2023pic.twitter.com/Pt0AZTaIBE
— ANI (@ANI) April 11, 2023
कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अवधि 13 अप्रैल से शुरू होकर 20 अप्रैल तक चलेगी। राज्य में एक चरण में 10 मई को मतदान होगा। मतगणना 13 मई को होगी।