कर्नाटक: कांग्रेस ने नलिन कतील के "ऑडियो क्लिप" की जांच की मांग की
By भाषा | Updated: July 24, 2021 23:56 IST2021-07-24T23:56:21+5:302021-07-24T23:56:21+5:30

कर्नाटक: कांग्रेस ने नलिन कतील के "ऑडियो क्लिप" की जांच की मांग की
मंगलुरु (कर्नाटक), 24 जुलाई कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री बी रामनाथ राय ने हाल में वायरल हुई एक ऑडियो क्लिप को लेकर दक्षिण कन्नड़ से सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नलिन कुमार कतील की शनिवार को आलोचना की। दरअसल, इस ऑडियो क्लिप में कथित तौर पर उन्हें (कतील को) कर्नाटक में नेतृत्त्व परिवर्तन पर चर्चा करते हुए सुना गया था। कांग्रेस नेता ने इसकी जांच की मांग की है।
यह क्लिप 18 जुलाई को वायरल हुई थी, जिसमें कतील को कथित तौर पर यह कहते हुए सुना गया कि के. एस. ईश्वरप्पा और जगदीश शेट्टार सहित मंत्रियों की पूरी टीम को हटा दिया जाएगा, और मुख्यमंत्री पद के लिए तीन नाम हैं, लेकिन उन पर विचार नहीं किया जाएगा।
हालांकि, कतील ने इस बात से इनकार किया है कि इस ऑडियो में उनकी आवाज थी और मुख्यमंत्री से जांच कराने को कहा है।
राय ने कहा कि जिले के भाजपा विधायक 15 साल से यहां रह रहे कतील की आवाज को पहचान सकते हैं।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।