कर्नाटक उपचुनाव : सिन्डगी से भाजपा जीती, हानगल में कांग्रेस से पीछे
By भाषा | Updated: November 2, 2021 15:33 IST2021-11-02T15:33:06+5:302021-11-02T15:33:06+5:30

कर्नाटक उपचुनाव : सिन्डगी से भाजपा जीती, हानगल में कांग्रेस से पीछे
बेंगलुरू, दो नवंबर कर्नाटक में दो विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को सिन्डगी सीट पर जीत दर्ज कर ली, जबकि हानगल में वह कांग्रेस से पीछे चल रही है।
भारत निर्वाचन आयोग ने सिन्डगी के लिए नतीजों की घोषणा की जबकि हानगल के लिए अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गयी है। दोनों विधानसभा सीटों पर 30 अक्टूबर को उपचुनाव हुए थे।
निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित नतीजों के अनुसार, सिन्डगी में भाजपा के रमेश भूसानुर ने 31,185 मतों के अंतर से जीत दर्ज। उन्हें 93,865 मत मिले, जबकि उनके करीबी प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के अशोक मानागुली को 62,680 मत मिले।
हानगल में कांग्रेस के श्रीनिवास माने 7,272 मतों से आगे चल रहे हैं। उन्हें अभी तक 83,514 मत मिले हैं जबकि उनके करीबी प्रतिद्वंद्वी भाजपा के शिवराज सज्जनार को 76,242 मत मिले हैं।
जनता दल (सेक्यूलर) की सिन्डगी से उम्मीदवार नाजिया शकील अहमद अंगाड़ी और हानगल से नियाज शेख क्रमश: 4,353 और 870 मत हासिल करते हुए तीसरे स्थान पर हैं।
सिन्डगी विधानसभा सीट पर करीब 69.47 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था जबकि हानगल सीट पर 83.76 प्रतिशत मतदान हुआ था। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 19 उम्मीदवार चुनावी मैदान में थे।
सिन्डगी से जद(एस) विधायक एम सी मानागुली और हानगल से भाजपा के सी एम उदासी के निधन के कारण, इन सीटों पर उपचुनाव कराने की आवश्यकता पड़ी।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।