Karnataka Assembly Elections 2023: चुनाव आयोग ने मोदी को 'नालायक' और सोनिया गांधी को 'विषकन्या' कहने पर प्रियांक खड़गे, बासनगौड़ा पाटिल को दिया नोटिस
By आशीष कुमार पाण्डेय | Updated: May 3, 2023 21:41 IST2023-05-03T21:35:11+5:302023-05-03T21:41:43+5:30
चुनाव आयोग ने प्रधानमंत्री मोदी और कांग्रेस नेता अध्यक्षा सोनिया गांधी के खिलाफ की गई अपमानजनक टिप्पणी पर कांग्रेस प्रत्याशी प्रियांक खड़गे और भाजपा प्रत्याशी बासनगौड़ा पाटिल के खिलाफ नोटिस जारी किया है।

फाइल फोटो
बेंगलुरु: कर्नाटक चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्षा सोनिया गांधी के खिलाफ की गई अपमानजनक टिप्पणी पर भाजपा और कांग्रेस की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत पर एक्शन लेते हुए चुनाव आयोग ने कांग्रेस प्रत्याशी प्रियांक खड़गे और भाजपा प्रत्याशी बासनगौड़ा पाटिल के खिलाफ नोटिस जारी किया है।
चुनाव आयोग की ओर से बुधवार को जारी की गई नोटिस में कांग्रेस नेता प्रियांक खड़गे को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई "नालायक" टिप्पणी और भाजपा नेता बासंतगौड़ा पाटिल को सोनिया गांधी के खिलाफ 'विषकन्या' जैसी विवादित टिप्पणी के के लिए नोटिस जारी किया है।
आयोग की ओर से नोटिस में दोनों दलों के प्रत्याशियों को कहा गया है कि उनकी टिप्पणियां आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों के उल्लंघन के दायरे में आती हैं, इस नाते वो जवाब दें कि उनके खिलाफ क्यों न एक्शन लिया जाए।
आयोग ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे प्रियांक से चार मई की शाम तक नोटिस का जवाब देने को कहा है। प्रियांक द्वारा प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल करने के आरोप में भाजपा ने चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी। वहीं आयोग ने प्रियांक के साथ बुधवार को ही भाजपा नेता बसनगौड़ा पाटिल यतनाल को कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के खिलाफ उनकी "विषकन्या" टिप्पणी के लिए भी नोटिस जारी किया।
कर्नाटक में कोप्पल जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि भाजपा प्रत्याशी बासनगौड़ा पाटिल द्वारा सोनिया गांधी पर की गई विवाजित टिप्पणी प्रथम दृष्टया आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों के खिलाफ मालूम होती हैं वो गुरुवार शाम तक आयोग को संतोषजनक जवाब दें, अन्यथा उनके विरूद्ध आयोग के कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।