Junagadh civic body 2025: जूनागढ़ नगर निगम, 66 नगर पालिका और गांधीनगर सहित तीन तालुका पंचायत पर मतदान जारी?, चुनाव से पहले कांग्रेस को झटका, 8 उम्मीदवार मैदान से हटे
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: February 16, 2025 10:45 IST2025-02-16T10:44:43+5:302025-02-16T10:45:22+5:30
Junagadh civic body 2025: गुजरात सरकार के 2023 के फैसले के अनुसार पंचायतों, नगर पालिकाओं और नागरिक निगमों में 27 प्रतिशत सीट अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए आरक्षित की गई हैं।

file photo
Junagadh civic body 2025:गुजरात के जूनागढ़ नगर निगम, 66 अन्य नगर पालिकाओं और गांधीनगर सहित तीन तालुका पंचायतों के लिए रविवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी है। इसके साथ ही बोटाद और वांकानेर नगर पालिकाओं तथा राज्य में विभिन्न कारणों से रिक्त हुई स्थानीय और शहरी निकायों की अन्य 124 सीट के लिए भी उपचुनाव हो रहे हैं। स्थानीय निकायों के लिए यह पहला ऐसा चुनावी मुकाबला है, जिसमें गुजरात सरकार के 2023 के फैसले के अनुसार पंचायतों, नगर पालिकाओं और नागरिक निगमों में 27 प्रतिशत सीट अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए आरक्षित की गई हैं।
इन स्थानीय निकाय चुनावों में कुल 5,084 उम्मीदवार मैदान में हैं और 38 लाख से अधिक लोग मतदान के लिए पात्र हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक होगा। मतों की गिनती 18 फरवरी को की जाएगी। विभिन्न स्थानीय निकायों की 213 सीट पर मतदान नहीं होगा, क्योंकि इस पर उम्मीदवार को ‘निर्विरोध’ निर्वाचित घोषित कर दिया गया है।
इन सीट पर अन्य सभी उम्मीदवारों के नामांकन वापस लेने के बाद केवल एक-एक उम्मीवार बचे और ये उम्मीदवार सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हैं। गुजरात सरकार द्वारा 2023 में पंचायतों, नगर पालिकाओं और नगर निगमों में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए घोषित 27 प्रतिशत कोटा के आधार पर स्थानीय निकायों के लिए यह पहला चुनावी मुकाबला है।
निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतगणना 18 फरवरी को होगी। राज्य निर्वाचन आयोग ने बताया कि जूनागढ़ नगर निगम, 66 नगर पालिकाओं और कठलाल, कपड़वंज और गांधीनगर तालुका पंचायतों के लिए 16 फरवरी को मतदान हो रहा है। गुजरात के जूनागढ़ नगर निगम (जेएमसी) में सोमवार को कांग्रेस के आठ उम्मीदवारों द्वारा अपना नामांकन वापस लिए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को कुल 60 में से आठ सीट पर निर्विरोध जीत मिलने की संभावना है। निर्वाचन अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
जूनागढ़ नगर निकाय में 15 वार्डों (प्रत्येक वार्ड में 4) में 60 सीट हैं। सत्तारूढ़ भाजपा ने 2019 में 54 सीट जीतकर चुनाव में विजय हासिल की थी। वार्ड संख्या तीन और 14 के निर्वाचन अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की कि आठ सीट पर कांग्रेस उम्मीदवारों ने सोमवार को अपना नामांकन वापस ले लिया, जिससे अब केवल भाजपा उम्मीदवार ही मैदान में बचे हैं।