अहमदाबाद के गांधी आश्रम से पत्रकार को हिरासत में लिया गया, कुछ घंटों बाद छोड़ा गया
By भाषा | Updated: October 2, 2021 23:50 IST2021-10-02T23:50:35+5:302021-10-02T23:50:35+5:30

अहमदाबाद के गांधी आश्रम से पत्रकार को हिरासत में लिया गया, कुछ घंटों बाद छोड़ा गया
अहमदाबाद, दो अक्टूबर मध्य प्रदेश के एक पत्रकार को कानून-व्यवस्था में गड़बड़ी पैदा करने की आशंका में शनिवार को यहां गांधी आश्रम से हिरासत में लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
भोपाल के न्यूज पोर्टल कर्मवीर के प्रधान संपादक राकेश पाठक ने कहा कि पुलिस ने उन्हें गांधी आश्रम से पकड़ा और रानिप थाना ले गई जहां उन्हें कई घंटों तक हिरासत में रखा गया।
रानिप थाने के एक अधिकारी ने बताया कि इस आशंका से कि पाठक गांधी आश्रम में कानून-व्यवस्था में गड़बड़ी कर सकते हैं, उन्हें दोपहर दो बजे हिरासत में लिया गया और कुछ घंटों बाद छोड़ दिया गया।
पाठक ने कहा कि उन्हें संभवत: इसलिए हिरासत में लिया गया क्योंकि पुलिस को आशंका थी कि वह आश्रम के पुनर्विकास की सरकार की प्रस्तावित परियोजना के विरोध में वहां धरना दे सकते हैं, दरअसल उन्होंने इस बारे में फेसबुक पर एक पोस्ट लिखी थी।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।