जम्मू-कश्मीर के डीजीपी ने वीरता पुरस्कार पाने के लिए बल को बधाई दी

By भाषा | Updated: August 14, 2021 18:20 IST2021-08-14T18:20:19+5:302021-08-14T18:20:19+5:30

J&K DGP congratulates force for receiving gallantry award | जम्मू-कश्मीर के डीजीपी ने वीरता पुरस्कार पाने के लिए बल को बधाई दी

जम्मू-कश्मीर के डीजीपी ने वीरता पुरस्कार पाने के लिए बल को बधाई दी

श्रीनगर, 14 अगस्त जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दिलबाग सिंह ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर अपने कुछ कर्मियों को अशोक चक्र, कीर्ति चक्र और शौर्य चक्र सहित वीरता पुरस्कारों से सम्मानित किए जाने के बाद शनिवार को बल को बधाई दी।

सहायक पुलिस उप निरीक्षक बाबू राम (मरणोपरांत) को अशोक चक्र से सम्मानित किया गया जबकि कांस्टेबल अल्ताफ हुसैन (मरणोपरांत) को कीर्ति चक्र से और विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) शहबाज अहमद (मरणोपरांत) को शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया।

पहली बार जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवानों को अशोक, कीर्ति एवं शौर्य चक्र के साथ ही 257 वीरता पदक मिले हैं।

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने ट्वीट किया, '' डीजीपी दिलबाग सिंह ने जम्मू-कश्मीर के शहीद हुए वीरों एएसआई बाबू राम, कांस्टेबल अल्ताफ हुसैन और एसपीओ शाहबाज को सलाम किया है, देश के लिए जिनके बलिदान एवं सेवा ने बल का सम्मान और गौरव बढ़ाया है, जिसके लिए रक्षा मंत्रालय ने इन्हें देश के सर्वोच्च शांति सम्मान से सम्मानित किया है।''

पुलिस ने कहा कि एएसआई बाबू राम ने पिछले साल पंथाचौक में आतंकवादियों के खिलाफ अभियान में सर्वोच्च बलिदान दिया जबकि कांस्टेबल अल्ताफ एक सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति की जान बचाने के दौरान शहीद हो गए, जिन पर गंदेरबल में आतंकवादियों ने हमला किया था।

पुलिस ने कहा कि एसपीओ शहबाज को पिछले साल अवंतीपोरा में आतंकवाद-रोधी अभियान के दौरान आतंकियों के खिलाफ दिखाए गए पराक्रम के लिए शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: J&K DGP congratulates force for receiving gallantry award

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे