पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान करे और देश से बाहर करे?, अमित शाह ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को फोन किया, कोई भी समय सीमा से अधिक नहीं रुके
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: April 25, 2025 15:19 IST2025-04-25T15:17:18+5:302025-04-25T15:19:08+5:30
भारत ने बृहस्पतिवार को पाकिस्तानी नागरिकों को जारी किए गए सभी वीजा 27 अप्रैल के प्रभाव से रद्द करने की घोषणा की और पाकिस्तान में रहने वाले भारतीय नागरिकों को जल्द से जल्द घर लौटने की सलाह दी।

file photo
नई दिल्लीः केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को फोन किया और उनसे यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी पाकिस्तानी नागरिक भारत छोड़ने के लिए निर्धारित समय सीमा से अधिक समय देश में न रहे। सूत्रों ने यह जानकारी दी। भारत ने बृहस्पतिवार को पाकिस्तानी नागरिकों को जारी किए गए सभी वीजा 27 अप्रैल के प्रभाव से रद्द करने की घोषणा की और पाकिस्तान में रहने वाले भारतीय नागरिकों को जल्द से जल्द घर लौटने की सलाह दी। मंगलवार को पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया है।
पहलगाम हमले में 26 लोग मारे गए थे, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे। सूत्रों ने कहा कि गृह मंत्री ने व्यक्तिगत रूप से सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को फोन किया और उनसे यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी पाकिस्तानी समय सीमा से अधिक भारत में न रहे। सूत्रों ने कहा कि मुख्यमंत्रियों को उनके क्षेत्रों में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान करने और उनका निर्वासन सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया।