जम्मू कश्मीर: सीआरपीएफ जवान ने अपने ही साथियों को मारी गोली, तीन की मौत
By भाषा | Updated: March 21, 2019 00:34 IST2019-03-21T00:34:07+5:302019-03-21T00:34:07+5:30
उधमपुर के बट्टल बलियान इलाके में बल के 187वें बटालियन शिविर में यह घटना रात लगभग दस बजे उस समय हुई जब कांस्टेबल अजित कुमार ने अपनी सर्विस राइफल से अपने तीन सहयोगियों पर गोली चला दी।

जम्मू कश्मीर: सीआरपीएफ जवान ने अपने ही साथियों को मारी गोली, तीन की मौत
जम्मू कश्मीर के एक शिविर में बहस होने के बाद सीआरपीएफ के एक जवान ने बुधवार को कथित तौर पर गोली चलाई जिसमें उसके तीन साथी जवानों की मौत हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि उधमपुर के बट्टल बलियान इलाके में बल के 187वें बटालियन शिविर में यह घटना रात लगभग दस बजे उस समय हुई जब कांस्टेबल अजित कुमार ने अपनी सर्विस राइफल से अपने तीन सहयोगियों पर गोली चला दी।
अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के तीन जवानों की मौत हो गई और कुमार ने खुद को भी गोली मार ली और उसे एक सैन्य अस्पताल में ले जाया गया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि कुमार उत्तर प्रदेश के कानपुर का रहने वाला है। मृतकों की पहचान राजस्थान के रहने वाले हेड कांस्टेबल पोकरमाल आर, दिल्ली के योगेन्द्र शर्मा और हरियाणा के उमेद सिंह के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि ऐसा बताया जा रहा है कि जवानों के बीच विवाद होने के बाद गोली चलाई गई। सीआरपीएफ और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गये हैं।