जितेंद्र सिंह ने जम्मू-कश्मीर में बीज प्रसंस्करण संयंत्र का उद्घाटन किया
By भाषा | Updated: June 26, 2021 21:05 IST2021-06-26T21:05:51+5:302021-06-26T21:05:51+5:30

जितेंद्र सिंह ने जम्मू-कश्मीर में बीज प्रसंस्करण संयंत्र का उद्घाटन किया
कठुआ (जम्मू-कश्मीर), 26 जून केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने शनिवार को यहां स्थापित बीज प्रसंस्करण संयंत्र का लोकार्पण किया और कहा कि इससे किसानों की आय दोगुनी करने में मदद मिलेगी।
कार्मिक राज्य मंत्री सिंह ने कहा कि यह संयंत्र न केवल कठुआ जिले के लिए बल्कि पूरे केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर और दो निकटवर्ती राज्यों पंजाब और हिमाचल प्रदेश की जरूरतों को पूरा करेगा।
केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि किसानों को अब उनके दरवाजे पर बेहतर गुणवत्ता वाले बीज उपलब्ध होंगे।
सिंह ने कहा कि इकाई न केवल बोई गई फसलों की गुणवत्ता को बेहतर करेगी बल्कि किसानों को कम कीमत पर बेहतर गुणवत्ता के बीज खरीदने में सक्षम बनाएगी, जिससे उनका मुनाफा बढ़ेगा।
सिंह ने 16 लाख बीजों की उत्पादन क्षमता और 24 लाख बीजों की प्रसंस्करण क्षमता वाले संयंत्र का उद्घाटन करने के बाद कहा, "आज का दिन एक ऐतिहासिक दिन है क्योंकि जम्मू-कश्मीर, कठुआ जिले के माध्यम से, भारत में किसानों की आय को दोगुना करने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मिशन में शामिल हो गया है।"
कार्मिक मंत्रालय के बयान के अनुसार, यह इस पूरे क्षेत्र में अपनी तरह का पहला संयंत्र है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।