जीतन राम मांझी ने मुख्यमंत्री पद के लिए अपने बेटे को तेजस्वी से ज्यादा योग्य बताया, लालू परिवार पर साधा निशाना
By एस पी सिन्हा | Updated: February 19, 2023 15:39 IST2023-02-19T15:38:17+5:302023-02-19T15:39:42+5:30
जीतन राम मांझी ने कहा कि आज जो मुख्यमंत्री पद के दावेदार बने हैं, हम चुनौती देते हैं कि मेरा बेटा उनसे ज्यादा योग्य है और उनसे बेहतर मुख्यमंत्री साबित होगा। उन्होंने कहा कि क्या मेरा बेटा इसलिए मुख्यमंत्री नहीं बन सकता क्योंकि वह दलित है? बाकी मेरे बेटे में सारे गुण है। वह पढ़ा लिखा है, प्रोफेसर है।

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व हम पार्टी के प्रमुख जीतन राम मांझी
पटना: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व हम पार्टी के प्रमुख जीतन राम मांझी ने एकबार फिर से महागठबंधन सरकार को चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि उनके बेटे मंत्री संतोष कुमार सुमन राजद के युवराज उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव से ज्यादा काबिल हैं। उन्होंने कहा कि क्या दलित को बिहार का मुख्यमंत्री बनने का हक नहीं है। मेरा बेटा ज्यादा काबिल है। वह पढ़ा लिखा है और उसने संपत्ति नहीं बनाई है। इसलिए वह बिहार का मुख्यमंत्री बनने का सबसे योग्य दावेदार है। इस दौरान मांझी ने इशारों ही इशारों में लालू परिवार पर जमकर निशाना साधा।
मांझी ने कहा कि आज जो मुख्यमंत्री पद के दावेदार बने हैं, हम चुनौती देते हैं कि मेरा बेटा उनसे ज्यादा योग्य है और उनसे बेहतर मुख्यमंत्री साबित होगा। उन्होंने कहा कि क्या मेरा बेटा इसलिए मुख्यमंत्री नहीं बन सकता क्योंकि वह दलित है।, बाकी मेरे बेटे में सारे गुण है। वह पढ़ा लिखा है, प्रोफेसर है। उसे सरकार और प्रशासन की समझ है। उसने संपत्ति कमाना नहीं सीखा है। मैंने उसे शुरू से सीख दी है कि पैसे के पीछे मत भागना। जनता की भावना का ख्याल रखना। वह अपने मेरिट पर प्रोफेसर बना है। आज अगर वह एमएलसी और मंत्री न रहे तो भी उसे प्रोफेसर के तौर पर ज्यादा वेतन मिलेगा।
मांझी ने कहा कि मैं भी 9 महीने तक बिहार का मुख्यमंत्री रहा। बिहार ही नहीं बल्कि पूरे देश में मेरे काम की तारीफ हुई। प्रधानमंत्री कहते थे कि मांझी जी सबसे बेहतर मुख्यमंत्री हैं। आज भी बिहार के लोग कहते हैं कि मांझी जी और 6 महीने मुख्यमंत्री रह जाते तो बिहार बदल जाता। उन्होंने कहा कि मैंने तो मुख्यमंत्री या मंत्री रह कर पैसा नहीं कमाया। मेरी संपत्ति की भी जांच करा ली जाये। 42 सालों से राजनीति में हूं, जांच करा कर पता कर लें कि मैंने कितनी संपत्ति अर्जित की? उन्होंने ये भी स्पष्ट कर दिया कि वे तेजस्वी नहीं बल्कि नीतीश कुमार के साथ हैं। मांझी ने कहा कि नीतीश कुमार के साथ हर हाल में रहेंगे। नीतीश कुमार जो चाहेंगे वही करेंगे, जहां जायेंगे वहां हम भी जायेंगे। इसमें कोई शक नहीं होना चाहिये।