Jharkhand Naxal encounter: पुलिस ने मुठभेड़ में चार माओवादियों को मार गिराया, तीन पर था लाखों का इनाम, महिला नक्सली समेत 2 अरेस्ट
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: June 17, 2024 14:28 IST2024-06-17T14:27:30+5:302024-06-17T14:28:48+5:30
Jharkhand Naxal encounter: झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में सोमवार को तड़के पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक महिला समेत कम से कम चार माओवादी मारे गए।

file photo
Jharkhand Naxal encounter: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा थाना क्षेत्र के लिपुंगा में सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने चार नक्सलियों को मार गिराया। मारे गए नक्सलियों में 10 लाख रुपए के इनामी जोनल कमांडर भी शामिल है। जबकि एक सब जोनल कमांडर और एक एरिया कमांडर के साथ-साथ एक महिला नक्सली को भी सुरक्षाबलों मार गिराया। जबकि एक महिला नक्सली समेत 2 नक्सलियों को गिरफ्तार किया है।
चाईबासा के एसपी आशुतोष शेखर ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि चार नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है। मुठभेड़ स्थल पर सर्च ऑपरेशन जारी है। मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों में एक महिला और चार पुरुष नक्सली शामिल हैं। उन्होंने कहा कि मारे गए नक्सलियों में तीन पर सरकार ने इनाम घोषित कर रखा था।
इनमें 10 लाख रुपए का इनामी जोनल कमांडर सिंगराई उर्फ मनोज, पांच लाख का इनामी सब-जोनल कमांडर कांडे होनहागा उर्फ दिरशुम, दो लाख का इनामी एरिया कमांडर सूर्या उर्फ मुंडा देवगम शामिल है। इनके अलावा जिस महिला नक्सली की मौत हुई है, उसकी पहचान जुनगा पूर्ति उर्फ मारला के रूप में की गई है।
आशुतोष शेखर ने बताया कि गुवा के जंगल में नक्सलियों के इकट्ठा होने की सूचना पर सुरक्षा बलों और पुलिस की टीम संयुक्त पेट्रोलिंग पर निकली थी। इसी दौरान नक्सलियों ने उन पर अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। जवानों ने भी मोर्चा लेकर जवाबी फायरिंग की। लगभग घंटे भर चली मुठभेड़ के बाद मौके से चार नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। दो नक्सलियों को गिरफ्तार भी किया गया है।
उन्होंने कहा कि कुछ नक्सलियों के घायल होने की भी सूचना है। सुरक्षाबलों की ओर से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। मौके से पुलिस ने कई हथियार और अन्य सामान भी बरामद किए हैं। एसपी ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से नक्सलियों के शवों के पास से हथियार और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की गई है। एसपी ने बताया कि मुठभेड़ के बाद से पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।