झारखंड में भारी बारिश, 5 की मौत, पूर्णिया में एक ही परिवार के 5 लोग नदी में डूबे

By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: August 23, 2025 13:25 IST2025-08-23T13:24:24+5:302025-08-23T13:25:23+5:30

जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान महिला और उसके बेटे की मौत हो गई वहीं संतोष लोहार नामक व्यक्ति का कच्चा मकान गिरने से आठ अन्य लोग घायल हो गए।

Jharkhand Heavy rain 5 dead, 5 people same family drowned river in Purnia | झारखंड में भारी बारिश, 5 की मौत, पूर्णिया में एक ही परिवार के 5 लोग नदी में डूबे

file photo

Highlightsअधिकारी ने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब संतोष के कुछ रिश्तेदार उसके घर आए हुए थे।घर की दीवार गिरने से पांच साल के बच्चे की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। मुन्ना बोदरा के घर की दीवार गिर गई जिससे उसके पांच साल के बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।

रांचीःझारखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण पांच लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए वहीं एक व्यक्ति लापता है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार रात सरायकेला-खरसावां जिले में एक मकान ढहने से एक महिला और उसके सात वर्षीय बेटे की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि राजनगर प्रखंड के दांडू गांव में हुई इस घटना में आठ लोग घायल भी हो गए। राजनगर के खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) मलय दास ने बताया, ‘‘जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान महिला और उसके बेटे की मौत हो गई वहीं संतोष लोहार नामक व्यक्ति का कच्चा मकान गिरने से आठ अन्य लोग घायल हो गए।’’ एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब संतोष के कुछ रिश्तेदार उसके घर आए हुए थे।

पुलिस ने बताया कि जिले में एक अन्य घटना में, शनिवार सुबह एक घर की दीवार गिरने से पांच साल के बच्चे की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। उसने बताया कि यह घटना खरसावां थाना क्षेत्र के कोल शिमला में तड़के चार बजे हुई। खरसावां थाने के प्रभारी गौरव कुमार ने बताया, ‘‘मुन्ना बोदरा के घर की दीवार गिर गई जिससे उसके पांच साल के बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।

जबकि बोदरा, उसकी पत्नी और दो साल की बेटी घायल हो गए। उन्हें सरायकेला सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।’’ एक अधिकारी ने बताया कि चतरा जिले के कटघरा गांव में शुक्रवार को एक दंपति उफनती नदी में बह गए। गिधौर के बीडीओ राहुल देव ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘ पति का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि पत्नी अब भी लापता है।’’

अधिकारियों ने बताया कि जिले के पत्थलगडा प्रखंड के खैराटोला गांव में भी बारिश से संबंधित घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पिछले 24 घंटों से राज्य में लगातार बारिश हो रही है जिससे कई जगहों पर पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए, घर ढह गए और सड़कें तथा खेत जलमग्न हो गए।

एक अधिकारी ने बताया कि रांची में पिस्का स्टेशन के पास एक निर्माणाधीन रेल ओवरब्रिज के दोनों ओर के कंक्रीट के स्लैब गिर गए जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर भीषण जाम लग गया। उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। शहर के ब्राम्बे बाजार में राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर जलभराव के कारण भी यातायात में भारी व्यवधान उत्पन्न हुआ।

चतरा के पथगड़ा में भारी बारिश के बीच एक कुक्कुट पालन केन्द्र में सैकड़ों मुर्गियां मर गईं। जमशेदपुर में मानगो पुल पर स्वर्णरेखा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। आदित्यपुर ब्रिज पर खरकई नदी भी लाल निशान से ऊपर बह रही है। आईएमडी ने 25 अगस्त तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

बिहार के पूर्णिया में एक ही परिवार के पांच लोग नदी में डूबे

बिहार के पूर्णिया जिले में एक परिवार के पांच सदस्य नदी में डूब गए। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार शाम कस्बा प्रखंड में नौ साल की एक बच्ची कारी कोसी नदी में फिसल कर तेज बहाव में बह गई। उन्होंने बताया कि जब बच्ची की मौसी ने उसे देखा, तो वह भी उसे बचाने के लिए नदी में कूद गई।

अधिकारियों ने बताया कि एक-एक कर परिवार के तीन अन्य सदस्य बच्ची और उसकी मौसी को बचाने के लिए नदी में कूद गए लेकिन वे भी डूब गए। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान सुलोचना देवी (30), गौरी कुमारी (नौ), शेखर कुमार (21), करण कुमार (21) और सचिन कुमार (18) के रूप में हुई है। जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने बताया, “स्थानीय लोगों की मदद से शव बरामद कर लिए गए हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।” राज्य सरकार में मंत्री लेसी सिंह ने शनिवार को मृतकों के परिजनों से मुलाकात की।

Web Title: Jharkhand Heavy rain 5 dead, 5 people same family drowned river in Purnia

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे