झारखंड: भाजपा के पूर्व सांसद लक्ष्मण गिलुवा का कोरोना से निधन
By भाषा | Updated: April 30, 2021 00:42 IST2021-04-30T00:42:27+5:302021-04-30T00:42:27+5:30

झारखंड: भाजपा के पूर्व सांसद लक्ष्मण गिलुवा का कोरोना से निधन
रांची, 29 अप्रैल भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पश्चिमी सिंहभूम से दो बार लोकसभा सांसद रहे लक्ष्मण गिलुवा का जमशेदपुर में बृहस्पतिवार सुबह कोविड संक्रमण के चलते इलाज के दौरान निधन हो गया। वह 57 वर्ष के थे।
गिलुवा के निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और भाजपा के तमाम वरिष्ठ नेताओं ने गहरा शोक प्रकट किया है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लक्ष्मण गिलुवा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निधन से मन व्यथित है। उनके निधन से झारखंड की राजनीति में जो शून्यता आई है, उसकी भरपाई नहीं हो सकती है।
इस बीच, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने भी गिलुवा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व सांसद, सरल व्यक्तित्व के धनी लक्ष्मण गिलुवा के निधन से मर्माहत हूं, यह पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है।
भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा, ‘‘पूर्व सांसद लक्षमण गिलुवा का निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें व परिजनों को साहस प्रदान करें।’’
भाजपा के संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने भी गिलुवा के निधन पर शोक जताया।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।