कर्ज नहीं चुका पाने पर झारखंड के भाजपा नेता गिरफ्तार
By भाषा | Updated: September 22, 2021 23:44 IST2021-09-22T23:44:16+5:302021-09-22T23:44:16+5:30

कर्ज नहीं चुका पाने पर झारखंड के भाजपा नेता गिरफ्तार
हजारीबाग (झारखंड), 22 सितंबर झारखंड के हजारीबाग जिले में 58 लाख रुपये के कर्ज की अदायगी कथित तौर पर नहीं करने को लेकर भारतीय जनता पार्टी के एक नेता को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने यह राशि एक कारोबारी से ली थी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पार्टी की हजारीबाग जिला इकाई के पूर्व कोषाध्यक्ष टोनी जैन उर्फ मनोज जैन ने 2018 में कर्ज लिया था, लेकिन समझौते के अनुसार दो साल बाद भी नहीं चुकाया, जिसके बाद कर्जदाता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
हजारीबाग सदर थाना निरीक्षक गणेश कुमार सिंह ने बताया कि हजारीबाग शहर में एक धर्मशाला में जैन के छिपे होने की गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मंगलवार रात वहां छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। जैन एक व्यवसायी भी हैं।
स्थानीय भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा के इशारे पर जैन (50) को गिरफ्तार किया।
एक स्थानीय अदालत ने बुधवार को जैन को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। उन पर आईपीसी की धारा 420 (धोखाधड़ी) और 406 (आपराधिक विश्वासघात) के तहत आरोप लगाए गए हैं।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।