झारखंड चुनाव: अमित शाह आज चतरा और गढ़वा में करेंगे चुनावी रैलियों को संबोधित
By भाषा | Updated: November 28, 2019 03:30 IST2019-11-28T03:30:11+5:302019-11-28T03:30:11+5:30
Amit Shah: केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह झारखंड विधानसभा चुनावों के लिए गुरुवार को चतरा और गढ़वा में दो रैलियों को करेंगे संबोधित

अमित शाह गुरुवार को झारखंड में दो चुनावी रैलियों को करेंगे संबोधित
रांची: केन्द्रीय गृह मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह गुरुवार को चतरा और गढ़वा में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। शाह बृहस्पतिवार की सुबह रांची आयेंगे और यहां से वह चतरा और गढ़वा में भाजपा प्रत्याशियों के प्रचार के लिए सभाएं करने जायेंगे।
भाजपा के कार्यक्रम विभाग के रविनाथ किशोर ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कल रांची पहुंचकर शाह हेलीकॉप्टर से चतरा के लिए रवाना होंगे और पूर्वाह्न 11 बजे चतरा में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद अपराह्र 1.30 बजे गढ़वा में भी वह जनसभा को संबोधित करेंगे।
बीजेपी ने झारखंड विधानसभा चुनावों के लिए बुधवार को पार्टी का घोषणापत्र जारी किया। इसमें किसानों को आसान पुनर्भुगतान विकल्प के साथ तीन लाख रुपये तक का ऋण और एक मोबाइल फोन दिये जाने समेत उनके लिए कई वादे किए गए हैं।
आगामी झारखंंड विधानसभा चुनाव 30 नवंबर से 20 दिसंबर तक पांच चरणों में होंगे, जिनके नतीजे 23 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे। सीएम रघुबर दास की अगुवाई में सत्तारूढ़ बीजेपी की नजरें सत्ता में वापसी करने पर है।