Jharkhand Assembly Elections: झारखंड विधानसभा चुनाव समय से पहले अक्टूबर में होने की संभावना, 5 जनवरी 2025 को पूरा हो रहा कार्यकाल, जानें वजह
By एस पी सिन्हा | Updated: June 28, 2024 16:13 IST2024-06-28T16:12:29+5:302024-06-28T16:13:38+5:30
Jharkhand Assembly Elections: झारखंड विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी 2025 को पूरा हो रहा है। इससे पहले चुनाव कराना जरूरी है।

file photo
Jharkhand Assembly Elections: झारखंड में विधानसभा का चुनाव अक्टूबर के तीसरे हफ्ते में हो सकता है। सितंबर के तीसरे सप्ताह में चुनाव आयोग इसको लेकर घोषणा कर सकती है। राज्य निर्वाचन कार्यालय को भारत निर्वाचन आयोग ने संकेत दे दिये हैं। ऐसे में राज्य निर्वाचन कार्यालय ने झारखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी है। विधानसभा चुनाव के लिए मतदाता सूची को अपडेट करने का काम 25 जून 2024 को आरंभ हो गया है। बता दें कि झारखंड विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी 2025 को पूरा हो रहा है। इससे पहले चुनाव कराना जरूरी है।
राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने कहा है हम विधानसभा चुनाव के लिए तैयार है। प्रशिक्षण का काम शुरू हो चुका है। मतदाता सूची का प्रकाशन अगस्त में पूरा हो जाएगा। ऐसे में हम काफी आगे चल रहे हैं। मतदाता सूचि के अंतिम प्रकाशन के बाद चुनाव के बचे हुए अन्य काम भी पूरे कर लिए जाएंगे।
चर्चा है कि इस बार झारखंड विधानसभा का चुनाव हरियाणा, महाराष्ट्र और जम्मू कश्मीर के साथ कराया जाएगा। बता दें कि महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 27 नवंबर को तो हरियाणा में विधानसभा का कार्यकाल 3 नवंबर को समाप्त हो जाएगा। वहीं झारखंड विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी तक है। माना जा रहा है कि महाराष्ट्र और जम्मू कश्मीर के साथ झारखंड का चुनाव कराया जा सकता है।
नियमों के अनुसार मतदान से 45 दिन पहले चुनाव की घोषणा करना जरूरी है। हरियाणा में 31 अक्टूबर तक चुनाव की प्रक्रिया पूरी कर लेना है, ऐसे में 45 दिन का समय देने के लिए 10 सितंबर से 15 के बीच चुनावों की घोषणा हो सकती है। अगर हरियाणा और महाराष्ट्र के साथ झारखंड विधानसभा का भी चुनाव होता है तो यह समय से पहले चुनाव माना जाएगा।