सेना की सेवा में लौटने की बात कहने पर जवान ने माता-पिता को गोली मारकर घायल किया

By भाषा | Updated: November 17, 2021 13:28 IST2021-11-17T13:28:44+5:302021-11-17T13:28:44+5:30

Jawan shot and injured parents when asked to return to army service | सेना की सेवा में लौटने की बात कहने पर जवान ने माता-पिता को गोली मारकर घायल किया

सेना की सेवा में लौटने की बात कहने पर जवान ने माता-पिता को गोली मारकर घायल किया

रीवा (मध्य प्रदेश), 17 नवंबर मध्य प्रदेश के रीवा जिले में सेना की ड्यूटी पर लौटने की बात लगातार कहने से नाराज एक युवक ने अपने माता-पिता को गोली मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) शिवकुमार वर्मा ने बुधवार को बताया कि घटना रीवा जिला मुख्यालय से लगभग 55 किलोमीटर दूर लौर थाना क्षेत्र के पिडरिया गांव में मंगलवार शाम को हुई।

उन्होंने बताया कि आरोपी अभिषेक पांडे को गिरफ्तार कर घटना में इस्तेमाल बंदूक जब्त कर ली गई है। प्रारंभिक जांच के अनुसार लाइसेंसी बंदूक आरोपी के पिता की थी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी अलख प्रकाश ने बताया कि दोनों घायलों को संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ितों के पैरों में चोटें आई हैं, लेकिन वे खतरे से बाहर हैं।

आरोपी के पिता अंबिका पांडे भी भूतपूर्व सैनिक हैं। पांडे ने पत्रकारों से कहा कि उन्हें और उनकी पत्नी को उनके बेटे ने गोली मार दी क्योंकि वे लगातार उसे सेना की सेवा में वापस जाने के लिए कहते थे।

पांडे ने कहा, ‘‘मेरा बेटा सेना में है, लेकिन एक साल से ड्यूटी पर वापस नहीं गया। हम उसे ड्यूटी पर लौटने को कहते रहते थे, लेकिन वह इस बात से गुस्सा हो जाता था। वह कहता है कि यह उसका निजी मामला है। बाद में वह रीवा में रहने लगा और मंगलवार शाम को गांव आने के बाद उसने हम पर गोली चला दी।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Jawan shot and injured parents when asked to return to army service

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे