गोवा में जनता कर्फ्यू जारी, शुक्रवार से लागू होगा तीन दिनों का लॉकडाउन
By भाषा | Updated: July 17, 2020 04:06 IST2020-07-17T04:06:55+5:302020-07-17T04:06:55+5:30
राज्य सरकारों के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार देश में कोविड-19 के मामलों की संख्या बृहस्पतिवार को दस लाख के पार चली गयी, वहीं संक्रमण से अब तक 25 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।

गोवा में कोविड-19 के संक्रमित मरीजों की संख्या 3108 हो गयी है ।
पणजी: गोवा में कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिये लागू जनता कर्फ्यू के दौरान बृहस्पतिवार को रात आठ बजे के बाद सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। राज्य सरकार ने 10 अगस्त तक रात आठ बजे से सुबह छह बजे तक जनता कर्फ्यू की घोषणा की है।
इसके अलावा 17,18 और 19 जुलाई को लॉकडाउन लागू रहेगा। जनता कर्फ्यू के दौरान सभी गैर-जरूरी गतिविधियों के लिये आवाजाही पर पाबंदी लगा दी गई है। गोवा में कोविड-19 के संक्रमित मरीजों की संख्या 3108 हो गयी है ।
बता दें कि राज्य सरकारों के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार देश में कोविड-19 के मामलों की संख्या बृहस्पतिवार को दस लाख के पार चली गयी, वहीं संक्रमण से अब तक 25 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। इसके साथ ही केंद्र सरकार ने कहा कि देश में इलाज करा रहे संक्रमित लोगों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों की एक तिहाई रह गयी है। पीटीआई द्वारा राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की रिपोर्ट के आधार पर रात 9.30 बजे संकलित तालिका के अनुसार देश में अब कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 10,00,202 हो गयी है।
वहीं, संक्रमण से अब तक 25,553 लोगों की मृत्यु हो गयी है। दुनियाभर में संक्रमण के मामलों की संख्या के लिहाज से भारत का स्थान अमेरिका और ब्राजील के बाद तीसरा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार भारत में कोविड-19 के 3,31,146 इलाजरत मरीज हैं, जो देश में बृहस्पतिवार तक सामने आये कुल मामलों के करीब एक तिहाई हैं।
साथ ही, मंत्रालय ने इलाजरत मरीजों में क्रमिक रूप से कमी आने का श्रेय लक्षित उपायों को दिया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक भारत में पहली बार एक दिन में कोविड-19 के 32,000 से अधिक मामले सामने आने के साथ बृहस्पतिवार को संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 9,68,876 पर पहुंच गई।