जम्मू-कश्मीर: पाकिस्तान ने तोड़ा सीजफायर, एक और जवान शहीद
By कोमल बड़ोदेकर | Updated: December 31, 2017 13:32 IST2017-12-31T13:05:57+5:302017-12-31T13:32:32+5:30
पाकिस्तान ने इस साल अब तक करीब 820 बार सीजफायर का उल्लंघन किया है।

जम्मू-कश्मीर: पाकिस्तान ने तोड़ा सीजफायर, एक और जवान शहीद
जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर रविवार को पाकिस्तान की ओर से एक बार फिर सीजफायर का उल्लंघन कर गोलीबारी की गई। इस गोलीबारी में एक भारतीय जवान शहीद हो गया है। सेना के एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि पाकिस्तानी सेना ने तड़के बिना किसी उकसावे के गोलीबारी शुरू की।
भारतीय जवानों ने भी इसका मुहतोड़ जवाब दिया। जवाबी कार्रवाई में पंजाब रेजिमेंट का एक जवान शहीद हो गया। एएनआई की खबर के मुताबिक नौशेरा सेक्टर में शहीद हुए जवान का नाम जगसीर सिंह है।
Sepoy Jagsir Singh who lost his life in ceasefire violation by Pakistan in Nowshera sector #JammuAndKashmirpic.twitter.com/SXERTeu9Ip
— ANI (@ANI) December 31, 2017
इससे पहले आर्मी चीफ बिपिन रावत ने इस इलाके का दौरा किया था। उनके दौरे 24 घंटे से भी कम समय के बाद पाकिस्तान ने गोलीबारी शुरू कर दी। यह रात करीब 1:30 बजे शुरू हुई जो सुबह तड़के 4 बजे तक जारी रही। अपने दौरे के दौरान आर्मी चीफ ने सैनिकों को सतर्क और हमेशा तैयार रहने के लिए कहा था।
बता दें कि इससे पहले 26 दिसंबर को भारतीय सेना के पांच उच्च-प्रशिक्षित कमांडो ने सर्जिकल स्ट्राइक की तर्ज पर नियंत्रण रेखा के 300 मीटर तक अंदर जाकर तीन पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया था। भारत ने यह कार्रवाई पाकिस्तानी सेना की ओर से दो दिन पहले की गई भीषण गोलीबारी के बाद की थी। पाकिस्तान की ओर से किए गए सीजफायर के उल्लंघन में जिसमें एक मेजर समेत चार भारतीय सैनिक शहीद हो गए थे। पाकिस्तान ने इस साल अब तक करीब 820 बार सीजफायर का उल्लंघन किया है।